लॉस एंजिल्स: अमेरिका के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क इन दो दिनों से भीषण जंगल की आग की चपेट में है। तेजी से फैलती आग के खतरे को देखते हुए पार्क प्रशासन ने इसके उत्तरी हिस्से को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है और सैकड़ों पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
पार्क अधिकारियों के अनुसार, ड्रैगन ब्रावो फायर और व्हाइट सेज फायर के कारण पार्क का नॉर्थ रिम अगली सूचना तक आम जनता के लिए बंद रहेगा। दोनों आगें मिलकर अब तक 24,000 एकड़ (लगभग 97.1 वर्ग किलोमीटर) क्षेत्र को अपनी चपेट में ले चुकी हैं।
-आग की गंभीरता बढ़ी, साउथ रिम तक दिखा धुआं
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी हिस्से (साउथ रिम) से भी आग का धुआं देखा जा सकता है। हवा के रुख के अनुसार, यहां की वायु गुणवत्ता में गिरावट की आशंका बनी हुई है।
-व्हाइट सेज फायर का रौद्र रूप
अमेरिकी फॉरेस्ट सर्विस द्वारा संचालित INCIWeb वेबसाइट के अनुसार, व्हाइट सेज फायर बुधवार शाम आए एक तूफान के बाद शुरू हुई। अब तक यह 19,000 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र को प्रभावित कर चुकी है और अभी तक इस पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका है। शुक्रवार तक इस आग के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए नॉर्थ रिम से करीब 500 पर्यटकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
-ड्रैगन ब्रावो फायर भी बना चुनौती
वहीं दूसरी ओर, ड्रैगन ब्रावो फायर, जो 4 जुलाई को शुरू हुई थी, अब तक 5,000 एकड़ क्षेत्र में फैल चुकी है। गर्म, शुष्क और तेज हवाओं के कारण यह आग भी तेजी से फैल रही है और फिलहाल उस पर भी नियंत्रण नहीं हो सका है।
-प्रशासन सतर्क, राहत कार्य जारी
पार्क के अधिकारी और दमकल कर्मी मिलकर आग बुझाने की कोशिशों में जुटे हैं। स्थिति पर नजर बनाए रखी जा रही है और स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।