Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

परिवर्तन नशा छुड़ाओ केंद्र के बाहर कई डीलर करते हैं गैर-कानूनी तरीके से नशीली दवाइयों की सप्लाई

July 14, 2025

परिवर्तन नशा छुड़ाओ केंद्र के बाहर कई डीलर करते हैं गैर-कानूनी तरीके से नशीली दवाइयों की सप्लाई

चंडीगढ़: पंजाब पिछले काफी समय से नशों के जंजाल में फंसा हुआ है। विचित्र विंडवना है कि देश का अन्नदाता कहा जाने वाला पंजाब कुछ वर्षों पहले नशों के लिए भी जाना जाने लगा था। हैरोइन से लेकर नशीली दवाइयां धड़ल्लों से बिकने लगी थी। मौजूदा पंजाब सरकार नशे के जंजाल को खत्म करने की पुरजोर कोशिश कर रही हैं। वहीं केन्द्र सरकार की ड्रग रोकथाम एजैंसी एनसीबी भी नशे की रोकथाम के लिए तत्पर है और इसी कड़ी में एनसीबी ने अमृतसर में पिछले दिनों नशीली दवाइयों के लगभग 500 करोड़ के नैक्सस को ब्रेक किया था।

दूसरी ओर एक तस्वीर यह भी सामने आ रही है कि नशे को मिटाने के लिए बनाए गए नशा छुड़ाओ केंद्र ही नशे के हैडक्वार्टर बन गए हैं। दैनिक सवेरा ने हाल ही में खुलासा किया था कि अमृतसर के परिवर्तन नामक नशा छुड़ाओ केंद्र से नशे का नैक्सस ऑपरेट हो रहा है। बता दें कि परिवर्तन नशा छुड़ाओ केंद्र सुमन इनफो हैल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड का हिस्सा है। सुमन इनफो के पंजाब भर में लगभग 16 नशा छुड़ाओ केंद्र हैं। दैनिक सवेरा के स्टिंग ऑपरेशन के दूसरे पार्ट में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे परिवर्तन नशा छुड़ाओ केंद्र से थोड़ी ही दूरी पर किस तरह डीलर थोड़े से पैसे के लिए नशीली दवाइयों का धंधा करते हैं। यह डीलर्स सैटिंग के जरिए केन्द्र के अंदर से गोलियां प्राप्त कर लेते हैं और फिर मुनाफे के लिए नशेड़ियों को बेचते हैं।

दैनिक सवेरा ने हिडन कैमरे में इस सारे क्रम को रिकॉर्ड किया है। जानकारों की मानें तो ऐसे नशा छुड़ाओ केंद्रों पर कार्रवाई अति आवशयक है। गौरतलब है कि सुमन इनफो का विवादों से पुराना नाता है। 2019 में भी सुमन इनफो के ही तरनतारन स्थित संकल्प नशा छुड़ाओ केंद्र में एक बड़ी धांधली सामने आई थी। उस समय रिकॉर्ड में सामने आया था कि 200 स्क्वेयर यार्ड में बने संकल्प नशा छुड़ाओ केंद्र में लगभग एक ही डाक्टर है और इसके बावजूद उन्होंने 6 माह में 50 लाख के करीब नशे की तलब को रोकने की गोलियां सेल की थी। यह केन्द्र के खिलाफ एक बड़ा सवालिया निशान था जो कि इन दवाइयों के गलत इस्तेमाल की ओर बड़ा इशारा कर रहा था। अमृतसर में भी ऐसा ही कुछ हो रहा है। ऐसे में दैनिक सवेरा ने इस सारे नैक्सस के खिलाफ मुहिम छेड़ी है।
दैनिक सवेरा अपने अगले पार्ट में एक और स्टिंग ऑपरेशन के जरिए इस नैक्सस के पीछे का पर्दाफाश करेगा।

ये भी पढ़ें :- पेट्रोल और डीजल के नए दाम जारी, जानें अपने शहर का भाव

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें