Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Gujarat बना प्रोसेस्ड आलू का हब, दुनियाभर में पसंद किए जा रहे यहां के French Fries

July 14, 2025

Gujarat बना प्रोसेस्ड आलू का हब, दुनियाभर में पसंद किए जा रहे यहां के French Fries

गांधीनगर। फ्रेंच फ्राइज दुनिया भर में लोकप्रिय एक ऐसा स्नैक्स है, जिसे बच्चों से लेकर बड़े तक सभी पसंद करते हैं। भारत, जो पहले फ्रेंच फ्राइज का आयात करता था, अब इसका भरपूर निर्यात कर रहा है। इतना ही नहीं, भारत अब प्रोसेस्ड आलू का भी बंपर उत्पादन करता है, जिससे फ्रेंच फ्राइज और वेफर्स जैसे क्रिस्पी-कुरकुरे स्नैक्स तैयार होते हैं। देश के प्रोसेस्ड आलू के निर्यात में गुजरात का भी महत्वपूर्ण योगदान है। 2004-05 में प्रोसेस्ड आलू का उत्पादन 1 लाख टन से भी कम था, जबकि बुवाई क्षेत्र केवल 4,000 हेक्टेयर के करीब था। सरकार के प्रोत्साहन के चलते गत दो दशकों में प्रोसेस्ड आलू का उत्पादन 37,000 हेक्टेयर बुवाई क्षेत्र के साथ 11.50 लाख टन तक पहुंच गया है, जो 10 गुना वृद्धि को दर्शाता है। आज गुजरात प्रोसेस्ड आलू का सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है। इसके साथ ही, यह फ्रेंच फ्राइज और वेफर्स का सबसे बड़ा निर्यातक बनकर भी उभरा है। प्रोसेस्ड आलू के उत्पादन के मामले में गुजरात के बाद उत्तर प्रदेश और पंजाब राज्य क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के किसानों को सशक्त बनाने के लिए मूल्य वर्धित कृषि उत्पादों पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात सरकार की किसान-केंद्रित नीतियों और कृषि विभाग एवं गुजरात एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन के मजबूत समर्थन के साथ गुजरात ने प्रोसेसिंग-ग्रेड आलू की खेती में शानदार सफलता हासिल की है। वर्ष 2024-25 में गुजरात में 48.59 लाख टन आलू का उत्पादन हुआ, जिसमें लगभग 25 फीसदी से अधिक प्रोसेस्ड आलू हैं, जबकि शेष कुफरी आलू है, जिसका उपयोग सब्जी बनाने के लिए किया जाता है।

वर्ष 2024-25 में गुजरात के बनासकांठा, साबरकांठा और अरवल्ली में कुल 1.19 हेक्टेयर क्षेत्र में आलू की बुवाई की गई थी और प्रति हेक्टेयर 32.36 टन की औसत उत्पादकता के साथ कुल 38 लाख टन आलू का उत्पादन हुआ था। आलू के उत्पादन के लिए मशहूर बनासकांठा जिले में 2022-23 में 53,548 हेक्टेयर बुवाई क्षेत्र में 15.79 लाख टन आलू का उत्पादन हुआ, यानी इसकी उत्पादकता प्रति हेक्टेयर 29.5 टन रही। वर्ष 2023-24 में 30 टन प्रति हेक्टेयर की उत्पादकता के साथ 52,089 हेक्टेयर क्षेत्र में 15.62 लाख टन आलू का उत्पादन हुआ था। 2024-25 में यह आंकड़ा बढ़कर 18.70 लाख टन तक पहुंच गया है, जो गुजरात के किसी भी जिले में आलू का सर्वाधिक उत्पादन है। इस अवधि में 61,016 हेक्टेयर बुवाई क्षेत्र में प्रति हेक्टेयर उत्पादकता 30.65 टन दर्ज की गई।

बनासकांठा के बाद साबरकांठा और अरवल्ली जिलों में भी आलू का बंपर उत्पादन हुआ है। साबरकांठा में वर्ष 2024-25 में 37,999 हेक्टेयर क्षेत्र में 34.13 टन प्रति हेक्टेयर की उत्पादकता के साथ 12.97 लाख टन आलू का उत्पादन हुआ। वहीं, अरवल्ली जिले में आलू की खेती अन्य जिलों की तुलना में अभी कुछ वर्षों पहले ही शुरू हुई है, इसके बावजूद इस जिले ने राज्य के कुल आलू उत्पादन में उल्लेखनीय योगदान दिया है। वर्ष 2024-25 में अरवल्ली में 20,515 हेक्टेयर क्षेत्र में 34.05 टन प्रति हेक्टेयर की उत्पादकता के साथ 6.99 लाख टन आलू का उत्पादन हुआ।

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें