Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना में मां के बगल में सो रही 7 महीने की मासूम अगवा; 13 घंटे बाद घर के पीछे झाड़ियों में मिली, पुलिस जांच में जुटी

July 18, 2025

लुधियाना में मां के बगल में सो रही 7 महीने की मासूम अगवा; 13 घंटे बाद घर के पीछे झाड़ियों में मिली, पुलिस जांच में जुटी

लुधियाना: मॉडल टाऊन के न्यू करतार नगर में मां के बगल में सोई 7 महीने की मासूम के अगवा होने के 13 घंटे बाद घर के पीछे खाली प्लाट में झाड़ियों में पड़ी मिली। घर के साथ ही जिस खाली प्लाट से बच्ची मिली, वहां वीरवार को पुलिस की टीम पहले भी तीन बार सर्च कर चुकी थी लेकिन बच्ची वहां नहीं थी। चौथी बार पुलिस ने झाड़ियां हटवाकर सर्च करने का प्लान बनाया। जब पुलिस की टीम प्लाट में अंदर घुसी, तब अंदर सामने ही झाड़ियों में मासूम पड़ी मिली। मासूम के चेहरे व शरीर पर मामूली खरोंचे थीं, वह पूरी तरह से सुरक्षित थी। फिलहाल बच्ची को मैडीकल के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। बच्ची के इस तरह गायब होने व फिर एकाएक मिलने से यह तो स्पष्ट है कि वारदात को अंजाम देने वाला आसपास ही है। पुलिस की घेराबंदी और पकड़े जाने के डर से ही उसने सबकी नजरों से बचकर मासूम को झाड़ियों में फैंक दिया। परिवार को भी कुछ लोगों पर शक है। फिलहाल थाना मॉडल टाऊन की पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वारदात को अंजाम देने वाला गिरफ्त में होगा।

रात ढाई बजे बच्ची के गायब होने का चला पता
न्यू करतार नगर के रहने वाले बच्ची के पिता गुरप्रीत सिंह ने बताया कि बुधवार को वह काम के सिलसिले में जीरकपुर में था। रात 12 बजे उसकी अपनी पत्नी गुरमीत से फोन पर बात हुई। सब ठीक-ठाक था। फिर देर रात पौने 3 बजे उसकी पत्नी का फोन आया। उसने 7 महीने की बेटी के घर से ही गायब होने की बात कही। उसकी पत्नी ने बताया कि 7 महीने की छोटी बेटी को सुलाने के बाद वह करवट लेकर साथ ही लेटी 4 साल की बेटी को सुलाने लग गई। उसकी 10 साल की बेटी वहीं अपनी दादी के साथ सोई हुई थी। इसके बाद उसकी पत्नी की भी आंख लग गई। रात ढाई बजे बड़ी बेटी नींद में बैड से नीचे गिर गई। उसकी आवाज सुनकर उसकी आंख खुली। देखा तो 7 महीने की छोटी बेटी बैड पर नहीं थी। वह चौंकी। बेटियों से पूछा, सास-ससुर को जगाया, बच्ची घर पर कहीं नहीं थी। कोहराम मच गया।

इलाके को घेरकर पुलिस ने शुरू की सर्च
कई घंटे तक पुलिस ने वहां लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे खंगाले लेकिन कुछ स्पष्ट नहीं हुआ। पुलिस को अंदेशा था कि बच्ची को कहीं बाहर नहीं ले जाया जा सका है, इसलिए पुलिस ने पूरे इलाके को सील करके जांच शुरू की। पुलिस ने तीन बार घर के साथ खाली प्लाट में झाड़ियों में देखा लेकिन बच्ची नहीं मिली। इसके बाद चौथी बार दोपहर के समय पुलिस ने घर के साथ लगते खाली प्लाट से झाड़ियां हटवाने की बात कही। जब पुलिस मुलाजिम फिर खाली प्लाट में गए तो बच्ची वहीं झाड़ियों में पड़ी मिली। स्पष्ट था कि बच्ची को किसी ने वहां फैंका है। थाना मॉडल टाऊन के इंचार्ज भूपिदर सिंह का कहना है कि आरोपी आसपास ही है।

छत का दरवाजा था खुला, मेन गेट था बंद
जब बच्ची घर से किडनैप हुई, तब छत का दरवाजा खुला था, जबकि मेन गेट बंद था। गुरप्रीत की बुआ की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, वह भी उनके साथ ही रहती है, इसलिए ही परिवार वाले रात को छत का दरवाजा बंद करते हैं लेकिन बुधवार की रात दरवाजा खुला रहा गया। सूचना मिलने पर थाना मॉडल टाऊन की पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

गेटेड सोसायटी, बच्चे को बाहर ले जाना नहीं आसान
न्यू करतार नगर में जहां गुरप्रीत सिंह व उसका परिवार रहता है। वह गेटेड सोसायटी है, जहां से बच्चे को इस तरह ले जाना आसान नहीं। रात को हर आने-जाने वाले का पता रहता है। पुलिस ने आसपास के सी.सी.टी.वी. खंगाले लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। सी.सी.टी.वी. कैमरों में अल सुबह बाल्टियां उठाकर कार धोने वाले तीन लोग जाते दिखे। पहले पुलिस ने सोचा कि कहीं बाल्टी में बच्ची तो नहीं है लेकिन बाद में सब स्पष्ट हो गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें