Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Kolkata rape case : ऐसा क्या हुआ कि कोर्ट ने रेप के कथित आरोपी को 50,000 रुपये के मुचलके पर दे दी जमानत? पढ़ें…

July 20, 2025

Kolkata rape case : ऐसा क्या हुआ कि कोर्ट ने रेप के कथित आरोपी को 50,000 रुपये के मुचलके पर दे दी जमानत? पढ़ें…

Kolkata rape case : जोका स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान-कोलकाता (आईआईएम-सी) के छात्रावास में कथित बलात्कार मामले के आरोपी छात्र को अलीपुर अदालत ने ज़मानत दे दी है। अदालत ने आरोपी को 50,000 रुपये के ज़मानत मुचलके पर अंतरिम जमानत दी है।

भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) जोका के छात्र परमानंद तोपवार को हरिदेवपुर पुलिस थाने ने 11 जुलाई को बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अलीपुर अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 19 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। हालांकि, पुलिस हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद उसे फिर से अलीपुर अदालत में पेश किया गया, जहां सुनवाई के दौरान सरकारी वकील सौरिन घोषाल और बचाव पक्ष के वकील सुब्रत सरकार ने दलीलें पेश कीं। सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपी को 50,000 रुपये के ज़मानत मुचलके पर अंतरिम ज़मानत दे दी।

इन शर्तों पर मिली जमानत
अलीपुर अदालत ने कुछ शर्तों के साथ आरोपी को ज़मानत दी है। आरोपी को अपना पासपोर्ट अदालत में जमा करना होगा। इसके अलावा, उसे राज्य से बाहर जाने के लिए अदालत से अनुमति लेनी होगी। जब उसे जांच के लिए बुलाया जाएगा, तो उसे उपस्थित होना होगा और जांच में पूरा सहयोग करना होगा। साथ ही, आरोपी को जांच अधिकारी के साथ नियमित संपर्क बनाए रखना होगा। उसे शिकायतकर्ता पर किसी भी तरह का प्रभाव डालने से पूरी तरह बचना होगा।

कोर्ट में पेश नहीं हुई शिकायतकर्ता
अदालत को बताया गया कि शिकायतकर्ता से कई बार पूछताछ की गई, लेकिन वह पेश नहीं हुई। तीन बार गोपनीय गवाही के लिए समय दिए जाने के बावजूद, अदालत ने उसकी अनुपस्थिति के कारण अंतरिम ज़मानत दे दी। मामला अभी जांच के अधीन है, और अदालत ने स्पष्ट किया है कि आरोपी को जांच में पूरा सहयोग करना होगा।

छात्रावास में हुआ बलात्कार!
एक छात्रा ने आईआईएम कॉलेज की एक छात्र पर छात्रावास में उसके साथ बलात्कार करने का आरोप लगाया था। पीड़िता ने अपने बयान में दावा किया, ‘आईआईएम-सी के द्वितीय वर्ष के छात्र ने उसे शुक्रवार शाम काउंसलिंग के बहाने लड़कों के छात्रावास में बुलाया। वहां उसने उसे पिज्जा और कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसमें कथित तौर पर नशीला पदार्थ था।’ पीड़िता का कहना है कि इन्हें पीने के बाद वह बेहोश हो गई और इसी अवस्था में आरोपी ने उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया।

SIT का गठन
जोका स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान-कलकत्ता (आईआईएम-सी) के छात्रावास में हुए कथित बलात्कार मामले की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया गया है। कोलकाता पुलिस ने नौ सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। एसआईटी टीम में विभिन्न चिकित्सा विभागों के विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। राज्य पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसआईटी का प्रारंभिक प्रयास पीड़िता और उसके पिता के परस्पर विरोधी बयानों के बीच सच्चाई को स्पष्ट करना होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें