Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान Air India के विमान में लगी आग, यात्रियों के बीच मची चीख-पुकार

July 22, 2025

दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान Air India के विमान में लगी आग, यात्रियों के बीच मची चीख-पुकार

नेशनल डेस्क: दिल्ली एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हांगकांग से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI 315 जब दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरी, तभी उसमें लगी सहायक विद्युत इकाई (APU) में आग लग गई। विमान में मौजूद यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

यह घटना उस समय हुई जब विमान गेट पर पार्क किया जा चुका था और यात्री उतरने ही वाले थे। एयर इंडिया के मुताबिक, आग लगते ही सुरक्षा सिस्टम ने APU को अपने आप बंद कर दिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।

 

 

एयरलाइन का बयान 

एयरलाइन ने बताया कि विमान को थोड़ा नुकसान हुआ है, लेकिन सभी यात्री और क्रू के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल विमान की जांच की जा रही है और इस मामले की जानकारी नियामक अधिकारियों को दे दी गई है। दिल्ली एयरपोर्ट (DIAL) ने भी पुष्टि की है कि आग बुझा दी गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।

जानिए क्या होता है APU?

फ्लाइट में APU का मतलब होता है Auxiliary Power Unit, जिसे हिंदी में सहायक शक्ति इकाई कहा जाता है। यह एक छोटा गैस टर्बाइन इंजन होता है, जो आमतौर पर विमान की पूंछ (tail) में लगा होता है।

APU का मुख्य काम क्या है?

जब विमान के मुख्य इंजन बंद होते हैं (जैसे लैंडिंग के बाद या उड़ान से पहले), तब APU ही विमान को बिजली और अन्य तकनीकी प्रणालियों को शक्ति प्रदान करता है। यह एयर कंडीशनिंग, लाइट्स, नेविगेशन सिस्टम और अन्य ज़रूरी उपकरणों को भी चालू रखने में मदद करता है। इसके जरिए मुख्य इंजन को स्टार्ट करने के लिए भी ऊर्जा मिलती है।

APU में आग लगना कितना गंभीर हो सकता है?

APU में आग लगना एक गंभीर सुरक्षा चिंता हो सकती है, लेकिन इसके लिए सुरक्षा सिस्टम पहले से तैयार रहते हैं। जैसे ही कोई गड़बड़ी होती है, सिस्टम उसे स्वचालित रूप से बंद कर देता है, जिससे आग ज्यादा न फैले और यात्रियों को कोई नुकसान न हो।

मंगलवार को एयर इंडिया की दो घटनाएं 

इससे पहले मंगलवार को एयर इंडिया से जुड़ी दो और घटनाएं सामने आईं। पहली घटना दिल्ली से कोलकाता जाने वाली एक फ्लाइट को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने से रोक दिया गया। यात्रियों को दूसरे इंतजाम से भेजा गया। दूसरी घटना कोच्चि से मुंबई आ रही फ्लाइट AI 2744, जब मुंबई एयरपोर्ट पर भारी बारिश के बीच लैंड कर रही थी, तो रनवे से फिसल गई।

हालांकि, इस विमान के सभी यात्री और क्रू भी सुरक्षित रहे और विमान गेट तक पहुंच गया। जांच के लिए उस विमान को भी रोक दिया गया है। इस घटना के बाद मुंबई एयरपोर्ट के एक रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें