Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘क्या बोलेंगे, ट्रंप ने युद्धविराम करवाया’, राहुल गांधी ने सीजफायर दावों पर पीएम मोदी पर कसा तंज

July 23, 2025

‘क्या बोलेंगे, ट्रंप ने युद्धविराम करवाया’, राहुल गांधी ने सीजफायर दावों पर पीएम मोदी पर कसा तंज

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बार-बार किए गए “युद्धविराम” के दावों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर तीखा हमला बोला है। राहुल ने कहा कि पूरा विश्व जानता है कि ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम की घोषणा की है, लेकिन मोदी जी इस पर कुछ बोल नहीं पा रहे।

प्रधानमंत्री क्या कहेंगे, ट्रंप ने करवाया?

राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा, “प्रधानमंत्री क्या कहेंगे? कह नहीं सकते कि ट्रंप ने कराया है। लेकिन सच यही है कि ट्रंप ने युद्धविराम की घोषणा की है। हम सच्चाई से मुंह नहीं मोड़ सकते।” उन्होंने यह भी कहा कि ये सिर्फ युद्धविराम की बात नहीं है, बल्कि रक्षा, रक्षा निर्माण और ऑपरेशन सिंदूर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे भी हैं जिन पर चर्चा होनी चाहिए। लेकिन सरकार इन मुद्दों पर जवाब देने में नाकाम रही है।

पीएम मोदी ने एक भी बयान नहीं दिया: राहुल गांधी 

राहुल गांधी ने पीएम मोदी की निंदा करते हुए कहा कि ट्रंप अब तक 25 बार युद्धविराम की बात दोहरा चुके हैं, लेकिन मोदी ने एक भी बयान नहीं दिया। उन्होंने कहा, “जो लोग खुद को देशभक्त कहते हैं, वे चुप हैं। प्रधानमंत्री पूरी तरह चुप हैं।” यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के हालिया दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध को रोका है। ट्रंप ने बताया कि दोनों देशों के बीच हाल ही में तनाव बहुत बढ़ गया था, लेकिन उन्होंने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रण में रखा।

ट्रंप के दावे पर भारत सरकार पूरी तरह चुप: जयराम रमेश 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने भी मोदी सरकार की आलोचना की और कहा कि सरकार संसद में पहलगाम आतंकी हमला और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा से बच रही है। उन्होंने कहा कि ट्रंप 73 दिनों में 25 बार युद्धविराम के दावे कर चुके हैं, लेकिन भारत सरकार पूरी तरह चुप है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें