
नेशनल डेस्क। भारत ने 2020 की गलवान घाटी झड़पों और कोविड-19 महामारी के बाद पहली बार चीनी नागरिकों को पर्यटक वीजा देना फिर से शुरू कर दिया है। अब चीन के लोग फिर से भारत घूमने के लिए वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, आपको बतादें, कि 2020 में गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें दोनों तरफ जानमाल का नुकसान हुआ था। इसके बाद दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों में तनाव आ गया था और बातचीत लंबे समय तक बंद रही।
चीन में भारतीय दूतावास ने दी जानकारी
बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास ने चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सिनो वीबो (Sina Weibo) पर पोस्ट कर जानकारी दी कि अब चीनी नागरिक 24 जुलाई 2025 से भारत के लिए पर्यटक वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कैसे करें वीजा के लिए आवेदन?
-चीनी नागरिकों को सबसे पहले ऑनलाइन वीजा फॉर्म भरना होगा।
-फिर उसे प्रिंट करके अपने पास रखना होगा।
-उसके बाद उन्हें वेबसाइट पर जाकर अपॉइंटमेंट बुक करनी होगी।
-तय तारीख पर उन्हें भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (IVAC) में जाकर निम्न दस्तावेज देने होंगे, जैसे पासपोर्ट, भरा हुआ वीजा फॉर्म व अन्य जरूरी दस्तावेज।
चीनी मीडिया ने भी की पुष्टि
चीन की मीडिया ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने भी भारतीय दूतावास के इस ऐलान को साझा किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय दूतावास का यह फैसला दोनों देशों के संबंध सुधारने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
भारत-चीन के बीच वाणिज्यिक उड़ानें फिर से शुरू
कोविड महामारी और सीमा विवाद के कारण 2020 से भारत और चीन के बीच सीधी फ्लाइट्स बंद कर दी गई थीं। लेकिन अब दोनों देशों ने घोषणा की है कि जनवरी 2025 से बीजिंग और नई दिल्ली के बीच सीधी वाणिज्यिक उड़ानें दोबारा शुरू होंगी।
सेना वापसी से संबंधों में सुधार
गलवान झड़प के बाद दोनों देशों के बीच कई दौर की सीमा वार्ताएं हुईं। हाल ही में भारत और चीन ने देपसांग और डेमचोक क्षेत्रों से सैनिकों की वापसी कर ली है। यह कदम दोनों देशों के बीच चार साल पुराने तनाव को कम करने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।