
हिमाचल डेस्क : हिमाचल प्रदेश की मंडी से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। बता दें कि सरकाघाट क्षेत्र के मसेरन के पास तरांगला में एक HRTC बस सड़क दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। इस भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं, 20 से अधिक यात्री इस हादसे में घायल हो गए है।
बस खेतों में जा गिरी, हुआ बड़ा नुकसान
आपको बता दें कि यह घटना सुबह करीब 9:50 बजे हुई, जब बस सरकाघाट से जमनी दुर्गापुर की ओर जा रही थी। रास्ते में मसेरन से लगभग तीन किलोमीटर पहले तारंगला गांव में एक तीखे मोड़ पर चालक का बस से नियंत्रण हट गया और बस सड़क से फिसलकर करीब 150 मीटर नीचे खेतों में जा गिरी।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत सरकाघाट सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। 17 घायलों का इलाज वहीं चल रहा है। जानकारी के अनुसार, एक 16 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।
मंडी ज़िला के सरकाघाट उपमंडल के मसेरन के निकट तारंगला में एचआरटीसी बस के खाई में गिरने से चार लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाने और उपचार दिलाने के लिए ज़िला प्रशासन को निर्देश जारी कर दिये गये हैं।
दुःख की इस घड़ी में,…
— Sukhvinder Singh Sukhu (@SukhuSukhvinder) July 24, 2025
स्थानीय लोगों ने किया बचाव कार्य
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने एम्बुलेंस और प्रशासन को सूचना दी और घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने में मदद की। स्थानीय महिला मधु ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सुबह उनके घर के पास बस खाई में गिरी है।
प्रशासन और नेता मौके पर पहुंचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम स्वाति डोगरा, तहसील प्रशासन, और स्थानीय विधायक दिलीप ठाकुर तुरंत अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में पूरी तरह जुटा हुआ है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा,“जिला मंडी के सरकाघाट के मसेरन में हुआ यह बस हादसा अत्यंत दुःखद है। मैं ईश्वर से सभी की कुशलता की प्रार्थना करता हूं। साथ ही प्रशासन से आग्रह करता हूं कि घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था की जाए।” यह हादसा हिमाचल की पहाड़ी सड़कों पर सावधानी न बरतने के खतरों की एक और दुखद याद दिलाता है। फिलहाल, घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन राहत कार्य में लगा हुआ है। लोगों से अपील की जा रही है कि अफवाहें न फैलाएं और प्रशासन को सहयोग करें।