Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

अस्पताल में मारपीट कर माहौल खराब करने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा : Dr. Balbir Singh

July 24, 2025

अस्पताल में मारपीट कर माहौल खराब करने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा : Dr. Balbir Singh

पटियाला: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. बलबीर सिंह ने आज सरकारी राजिन्द्रा अस्पताल का दौरा किया और भर्ती मरीजों तथा ओपीडी में दवा लेने आए मरीजों से बातचीत की और अस्पताल में दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने हाल ही में अस्पताल में बाहरी लोगों द्वारा भर्ती एक मरीज के साथ हुई मारपीट को गंभीरता से लेते हुए कड़े शब्दों में कहा कि अस्पताल में किसी भी तरह की मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल और पुलिस प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए हाल ही में हुए झगड़े के दोषियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। डा. बलबीर सिंह ने कहा कि अस्पताल के अंदर ऊंची आवाज में बोलने से बचना चाहिए, लेकिन कुछ लोगों द्वारा की जा रही मारपीट बेहद निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और माहौल खराब करने के लिए ऐसे लोग अस्पताल से बाहर नहीं बल्कि सीधे जेल जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे इलाज के लिए अस्पताल आएं, लेकिन अस्पताल में आकर माहौल खराब करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने सरकारी राजिन्द्रा अस्पताल के आपातकालीन वार्ड सहित विभिन्न वाडरें का दौरा किया और अस्पताल में भर्ती मरीजों से अस्पताल में दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया और कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को अस्पताल से ही दवाइयां दी जा रही हैं और अगर कोई बाहर से दवाइयां लाने के लिए कहता है, तो इसकी सूचना चिकित्सा अधीक्षक या सीधे स्वास्थ्य मंत्री को दी जा सकती है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है, जिसके तहत आम आदमी क्लीनिकों और सरकारी अस्पतालों के माध्यम से लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रदान करने का काम किया जा रहा है। डा. बलबीर सिंह ने सरकारी राजिन्द्रा अस्पताल की ओपीडी का दौरा करते हुए कहा कि अब ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर के साथ-साथ टाइमर, मरीजों के बैठने के लिए कुर्सियां, पीने के पानी और बाथरूम की सुविधा भी उपलब्ध है। अब मरीजों को अपनी बारी के लिए लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा, बल्कि वे बारी-बारी से अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सरकारी राजिन्द्रा अस्पताल में और भी बड़े सुधार किए जाएँगे। इस अवसर पर डॉ. आरपीएस सिबिया, डॉ. विशाल चोपड़ा और अन्य डॉक्टर भी मौजूद थे।

ये भी पढ़े- नहीं रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता यादवेन्द्र सिंह, राजनीति में दौड़ी शोक की लहर 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें