बिहार डेस्क। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने दावा किया है कि उनके बेटे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की हत्या की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तक तेजस्वी यादव को मारने की चार बार कोशिश की जा चुकी है। राबड़ी देवी ने सरकार से तेजस्वी यादव की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष होने के बावजूद तेजस्वी की जान को खतरा है और सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है।
भाजपा-जदयू पर लगाये गंभीर आरोप
राबड़ी देवी ने विधान परिषद के बाहर बयान देते हुए भाजपा और जदयू पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इन दोनों दलों से तेजस्वी यादव की जान को सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा-जदयू मिलकर उन्हें मारने की साजिश कर रहे हैं।
राबड़ी देवी ने कहा- मतदाता सूची से नाम हटाने की साजिश
राबड़ी देवी ने चुनाव आयोग और राज्य सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिहार के लगभग 4 करोड़ लोग, जो काम की तलाश में दूसरे राज्यों में रहते हैं, उनके वोटर लिस्ट से नाम हटाए जा रहे हैं। राबड़ी देवी के अनुसार, सरकार और आयोग की कोशिश है कि इन लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित कर दिया जाए।
72 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप
राबड़ी देवी ने महालेखाकार (CAG) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि बिहार में 72,000 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि जब से केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी है, देश में लगातार घोटाले हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री पर गंभीर आरोप
राबड़ी देवी ने प्रधानमंत्री मोदी पर देश की महत्वपूर्ण संस्थाएं बेचने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज सरकारी संपत्तियाँ निजी हाथों में दी जा रही हैं, जो देश के भविष्य के लिए खतरा है।
सम्राट चौधरी पर आपत्तिजनक टिप्पणी
राबड़ी देवी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं से बदसलूकी करता था। साथ ही उन्होंने मीडिया से बातचीत में उनके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल भी किया।
नीतीश सरकार पर कसा तंज
राबड़ी देवी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री और विधायक सदन की गरिमा भूलकर गाली-गलौज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम गाली देने वाले लोग नहीं हैं, लेकिन बीजेपी के लोग लगातार हमारी परिवार की बेइज्जती कर रहे हैं।
SIR मुद्दे पर राजद का विरोध प्रदर्शन
राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के खिलाफ राजद लगातार प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 5 दिनों से विधानसभा का घेराव किया गया है। उनका सवाल था, “जो 4 करोड़ बिहारी दूसरे राज्यों में काम कर रहे हैं, उनका क्या? क्या वो बिहार के मतदाता नहीं हैं?” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इसका जवाब देना होगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...