Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

2 दोस्तों ने तीसरे दोस्त को पीट-पीटकर किया अधमरा, फिर उसी के बाइक पर ले जाकर सड़क किनारे फैंका, मौत

July 29, 2025

2 दोस्तों ने तीसरे दोस्त को पीट-पीटकर किया अधमरा, फिर उसी के बाइक पर ले जाकर सड़क किनारे फैंका, मौत

लुधियाना: तीन दोस्त रिंकू दूबे, अमित बहरा और प्रदीप तिवारी आपस में बैठे थे और किसी बात को लेकर उनकी आपस में बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई रिंकू दूबे व अमित बेहरा ने मिलकर प्रदीप तिवारी की जमकर पिटाई की। दोनों ने उसे इतना पीटा कि वह अधमरा हो गया। उसकी हालत बिगड़ती देख दोनों ने उसे उसके ही (Bike) मोटरसाइकिल पर रखा और बापू मार्कीट के पास सड़क किनारे फैंक दिया। दोनों उसे वहां फैंककर फरार हो गए लेकिन जब वो उसे फैंक रहे थे तो सीसीटीवी में कैद हो गए। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। रात को पुलिस को सूचना मिली कि सड़क किनारे शव पड़ा है तो पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

सीसीटीवी ने खोल दिए सारे राज
उसके बाद पुलिस ने देर रात उसके परिजनों को सूचित किया और शव सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रख दिया। सब यही कयास लगा रहे थे कि उसकी मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है लेकिन सीसीटीवी ने सारे राज खोल दिए और पता चला कि दो दोस्तों ने उसे पीट-पीटकर अधमरा करके वहां फैंका। पुलिस ने दोनों आरोपी दोस्तों के खिलाफ थाना डाबा में मामला दर्ज कर दिया है और एक आरोपी रिंकू दूबे को गिरफ्तार भी कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी अमित बहरा अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। वहीं मृतक की पहचान प्रदीप तिवारी के रूप में हुई है और उसकी उम्र 32 साल थी। पुलिस ने प्रदीप के पिता शारदा प्रसाद की शिकायत पर रिंकू दूबे व अमित बहरा के खिलाफ थाना डाबा में एफआईआर दर्ज कर दी है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मृतक प्रदीप तिवारी महादेव कालोनी में रहता था और वह फोकल प्वाइंट में एक फैक्टरी में काम करता था। रविवार को वह फैक्टरी से आया और शाम करीब 5.30 बजे घर से गोलगप्पे खाने के लिए निकला। वह अपने पास सिर्फ 20 रुपए लेकर गया था। रात तक जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश करनी शुरू की लेकिन देर रात पुलिस से उन्हें सूचना मिली कि प्रदीप की मौत हो चुकी है। सोमवार सुबह तक उसकी मौत के कारणों का पता नहीं चला। पुलिस के हाथ जब सीसीटीवी फुटेज लगी, जिसमें दो युवक मोटरसाइकिल पर एक बेहोश व्यक्ति को लेकर जाते हुए दिखे और बापू मार्कीट के पास सड़क के किनारे उसे फैंकते हुए दिखे। उसी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी रिंकू दूबे व अमित बहरा की पहचान की। पुलिस ने तुरंत छापेमारी की ओर रिंकू दूबे को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि देर शाम तक पुलिस ने अमित बहरा को भी पकड़ लिया है लेकिन पुलिस अभी इस मामले में खुलासा नहीं कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी ने माना कि उनकी आपस में लड़ाई हुई थी
एसएचओ थाना डाबा गुरदयाल सिंह ने बताया कि रिंकू दूबे को हिरासत में लेकर जब उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि रविवार शाम को वो तीनों दोस्त शाम नगर में उसके घर पर एकत्रित हुए। वहीं पर किसी बात को लेकर उनकी बहस हो गई और दोनों ने उसे पीटा। उनका मकसद उसे मारना नहीं था। आरोपी ने पूछताछ में यह भी कहा कि जब वह बेहोश हुआ तो वो घबरा गए और उसे अस्पताल इसलिए नहीं ले गए कि कहीं वह अस्पताल में उनका नाम न बोल दे, इसलिए वो उसके मोटरसाइकिल पर रखकर ले गए और सड़क किनारे फैंक दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें