
Today Weather Update नेशनल डेस्क : देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। नदियां उफान पर हैं, सड़कों पर पानी जमा हो गया है और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन व बादल फटने का खतरा बढ़ गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों यानी 10 और 11 अगस्त 2025 के लिए दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है। उत्तराखंड और हिमाचल के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में दो दिन बरसेंगे बादल
वहीं अगर देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो आज शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में सुबह से शाम तक तेज बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार और सोमवार को भी बारिश जारी रहेगी। इन दिनों अधिकतम तापमान करीब 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में भी तेज बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। बता दें कि IMD के द्वारा लखनऊ, बाराबंकी, गोरखपुर और बहराइच में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी यूपी में भी बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रह सकता है।
बिहार में मानसून का असर तेज
बांका, भागलपुर, पूर्णिया और कटिहार में अगले दो दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट है। इस दौरान तापमान 30-34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, हालांकि उमस बनी रहेगी।
हरियाणा में हल्की बारिश की संभावना
वहीं अगर हरियाणा के मौसम की बात करें तो मानेसर, झज्जर, रेवारी और नूंह में रविवार और सोमवार को हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हवाओं की रफ्तार 30-40 किमी/घंटा तक रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड और हिमाचल में रेड अलर्ट
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में अगले 48 घंटों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, वहीं हिमाचल में भी मूसलाधार बारिश के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...