Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi ने किया बेंगलुरु मेट्रो की येलो लाइन का उद्घाटन, छात्रों के साथ किया सफर

August 10, 2025

PM Modi ने किया बेंगलुरु मेट्रो की येलो लाइन का उद्घाटन, छात्रों के साथ किया सफर

Bengaluru Metro : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो की येलो लाइन का उद्घाटन किया। बेंगलुरु मेट्रो फेज़-2 परियोजना के तहत, आरवी रोड (रागीगुड्डा) से बोमसंद्रा तक येलो लाइन का निर्माण किया गया है, जिसकी लंबाई 19 किलोमीटर से ज़्यादा है। येलो लाइन पर 16 स्टेशन हैं। येलो लाइन के खुलने से बेंगलुरु में मेट्रो का परिचालन नेटवर्क 96 किलोमीटर से ज़्यादा हो गया है। येलो लाइन पर लगभग 7160 करोड़ रुपये की लागत आई है। येलो लाइन के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मेट्रो में सफ़र भी किया। उन्होंने मेट्रो में सफ़र कर रहे छात्रों से मुलाक़ात की। उनके साथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के अलावा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल भी मौजूद थे।

नितिन गडकरी रहे मौजूद
इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए बेंगलुरु रेलवे स्टेशन से अजनी (नागपुर)-पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही, उन्होंने केएसआर बेंगलुरु-बेलगावी और वैष्णोदेवी कटरा-अमृतसर वंदे भारत ट्रेनों का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर रेलवे स्टेशन पर उपस्थित थे।

12वीं वंदे भारत ट्रेन
महाराष्ट्र को अजनी (नागपुर) से पुणे के लिए 12वीं वंदे भारत ट्रेन मिल गई है। यह उस क्षेत्र के लिए पहली वंदे भारत सेवा है जो अब तक वर्धा और मनमाड के बीच वंदे भारत सेवा से वंचित था। अजनी (नागपुर)-पुणे वंदे भारत सेवा दोनों तेज़ी से बढ़ते महानगरों के बीच व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोज़गार के लिए यात्रा को बढ़ावा देगी। व्यवसायी, छात्र, कर्मचारी और पर्यटक सभी इससे लाभान्वित होंगे।

सबसे लंबी दूरी की वंदे भारत ट्रेन
अजनी (नागपुर)-पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस देश की सबसे लंबी वंदे भारत ट्रेन होगी जो 881 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह महाराष्ट्र की 12वीं वंदे भारत ट्रेन है और पहली बार वर्धा, अकोला, शेगांव-भुसावल, जलगांव, मनमाड़, पुणतांबा-दौंड कॉर्ड लाइन मार्ग को कवर करेगी।

ट्रेन का पूरा विवरण
ट्रेन संख्या 26101 पुणे-अजनी (नागपुर) वंदे भारत एक्सप्रेस 11 अगस्त से सप्ताह में 6 दिन (मंगलवार को छोड़कर) पुणे से सुबह 06:25 बजे प्रस्थान करेगी और शाम 18:25 बजे अजनी पहुँचेगी। ट्रेन संख्या 26102 अजनी-पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस 12 अगस्त से सप्ताह में 6 दिन (सोमवार को छोड़कर) अजनी से सुबह 09:50 बजे प्रस्थान करेगी और रात 9:50 बजे पुणे पहुँचेगी। इसमें कुल 8 डिब्बे (1 एक्जीक्यूटिव चेयर कार और 7 चेयर कार कोच) होंगे। एक बार में 590 यात्री यात्रा कर सकेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें