Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi Speech: पीएम मोदी ने लाल किले से देश को संबोधित किया, जानें क्या कहा

August 15, 2025

PM Modi Speech: पीएम मोदी ने लाल किले से देश को संबोधित किया, जानें क्या कहा

PM Modi turban : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले में आयोजित समारोह में सफ़ेद कुर्ता-पायजामा और सिर पर केसरिया पगड़ी पहने नज़र आए। स्वतंत्रता की वर्षगांठ के अवसर पर, प्रधानमंत्री ने लाल किले पर लगातार 12वीं बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया और इस ऐतिहासिक स्मारक की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित किया। मोदी ने इस अवसर पर केसरिया रंग की बंद गले वाली जैकेट पहनी थी और उनके गले में तिरंगे के बॉर्डर वाला एक सफ़ेद गमछा देखा गया। प्रधानमंत्री मोदी 2014 से हर स्वतंत्रता दिवस पर रंग-बिरंगी पगड़ियाँ पहनते आ रहे हैं। उन्होंने इस बार भी इस परंपरा को कायम रखा और केसरिया रंग की पगड़ी पहनी।

पिछले साल, 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर, उन्होंने सफ़ेद कुर्ता-पायजामा, आसमानी नीले रंग की बंद गले वाली जैकेट और लहरिया प्रिंट वाली बहुरंगी पगड़ी पहनकर समारोह में भाग लिया था।

77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले में आयोजित समारोह में मोदी बहुरंगी राजस्थानी बंधनी प्रिंट वाला साफा, सफेद कुर्ता और चूड़ीदार पायजामा पहने नजर आए।

उन्होंने 76वें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे की धारियों वाला सफेद साफा पहना था। पारंपरिक कुर्ता और चूड़ीदार पायजामा के ऊपर नीली जैकेट और काले जूते पहने, प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया और लगातार नौवीं बार राष्ट्र को संबोधित किया।इससे पहले 75वें स्वतंत्रता दिवस पर, मोदी ने धारीदार केसरिया साफा पहना था।

74वें स्वतंत्रता दिवस पर ऐतिहासिक लाल किले में आयोजित समारोह में मोदी ने केसरिया और क्रीम रंग का साफा पहना था। प्रधानमंत्री ने इसके साथ आधी बाजू का कुर्ता और चूड़ीदार पायजामा पहना था। उन्होंने केसरिया किनारी वाला सफ़ेद गमछा भी पहना था, जिसका इस्तेमाल उन्होंने कोविड-19 से बचाव के लिए किया था।

2019 में लगातार दूसरी बार सत्ता में आने के बाद लाल किले से अपने पहले संबोधन में प्रधानमंत्री ने बहुरंगी पगड़ी पहनी थी। लाल किले से यह उनका लगातार छठा संबोधन था।

उन्होंने 2018 में भी केसरिया पगड़ी पहनी थी। कच्छ की लाल बंधनी पगड़ी से लेकर पीली राजस्थानी पगड़ी तक, गणतंत्र दिवस समारोहों में मोदी की पगड़ियाँ खूब पसंद की जाती रही हैं।

उन्होंने 2017 में सुनहरे धारियों वाली चटक लाल पगड़ी पहनी थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने 2015 में बहुरंगी धारियों वाली पीली पगड़ी पहनी थी, जबकि 2016 में उन्होंने गुलाबी और पीले रंग की लहरिया ‘टाई एंड डाई’ पगड़ी पहनी थी।

देश की कमान संभालने के बाद 2014 में जब प्रधानमंत्री ने पहली बार ऐतिहासिक लाल किले से राष्ट्र को संबोधित किया था, तब उन्होंने गहरे लाल और हरे रंग की जोधपुरी बंधेज पगड़ी पहनी थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें