Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रधानमंत्री पद पर रहते 12वीं बार राष्ट्र को संबोधित कर PM Modi ने तोड़ा इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड

August 15, 2025

प्रधानमंत्री पद पर रहते 12वीं बार राष्ट्र को संबोधित कर PM Modi ने तोड़ा इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड

Prime Minister addressing nation : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस पर लगातार 12 बार राष्ट्र को संबोधित करके इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ दिया और इस मामले में अब वह केवल जवाहरलाल नेहरू से पीछे हैं, जिन्होंने लगातार 17 बार यह संबोधन दिया था। इंदिरा गांधी जनवरी 1966 से मार्च 1977 तक और फिर जनवरी 1980 से अक्टूबर 1984 तक प्रधानमंत्री रहीं। अक्टूबर 1984 में उनकी हत्या कर दी गई थी। उन्होंने 15 अगस्त को प्रधानमंत्री के रूप में कुल 16 बार राष्ट्र को संबोधित किया, जिनमें से 11 संबोधन लगातार थे।

भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे जवाहरलाल नेहरू (1947-63) ने 17 बार राष्ट्र को संबोधित किया। देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने 1964 और 1965 में लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित किया था।

इंदिरा की हत्या के बाद राजीव गांधी ने राष्ट्र को किया संबोधित
आपातकाल के बाद, मोरारजी देसाई ने प्रधानमंत्री के रूप में दो बार संबोधित किया। चौधरी चरण सिंह ने प्रधानमंत्री के रूप में केवल एक बार 1979 में राष्ट्र को संबोधित किया था। इंदिरा गांधी की हत्या के बाद, राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री के रूप में लाल किले की प्राचीर से पाँच बार राष्ट्र को संबोधित किया।

देवेगौड़ा और गुजराल ने मात्र 1-1 बार किया संबोधित
वीपी सिंह ने स्वतंत्रता दिवस पर केवल एक बार 1990 में राष्ट्र को संबोधित किया था। पीवी नरसिम्हा राव ने 1991 से 1995 तक लगातार चार वर्षों तक लाल किले से राष्ट्र को संबोधित किया। एचडी देवेगौड़ा और इंद्र कुमार गुजराल ने क्रमशः 1996 और 1997 में एक-एक बार राष्ट्र को संबोधित किया।

अटल बिहारी वाजपेयी ने 6 तो मनमोहन सिंह ने 10 दिया भाषण
अटल बिहारी वाजपेयी, जो मार्च 1998 से मई 2004 तक प्रधानमंत्री रहे, ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से छह बार राष्ट्र को संबोधित किया। मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री रहते 2004 से 2014 तक लगातार 10 वर्षों तक भाषण दिया।

98 मिनट का लंबा भाषण
पिछले साल, प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 11वीं बार लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिससे उन्होंने अपने पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने पिछले साल स्वतंत्रता दिवस पर 98 मिनट का अब तक का सबसे लंबा भाषण भी दिया था। 15 अगस्त, 2024 को अपने भाषण में उन्होंने एक “धर्मनिरपेक्ष” समान नागरिक संहिता की वकालत की और एक साथ चुनाव कराने का भी समर्थन किया। मोदी के 15 अगस्त के भाषण आमतौर पर देश के मौजूदा मुद्दों और उनके नेतृत्व में हुई प्रगति पर केंद्रित होते हैं, जिसमें वे नीतिगत पहलों और नई योजनाओं की घोषणा भी करते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें