इंटरनेशनल डेस्क: चीन के विदेश मंत्री वांग यी आज से तीन दिवसीय भारत यात्रा दौरे पर है। वांग यी की यह यात्रा 20 अगस्त तक चलेगी, जिसमें वह भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात करेंगे और कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
इसके तहत वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ 24वीं विशेष प्रतिनिधि (SR) बैठक में भाग लेंगे। यह बैठक वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के विवादित क्षेत्रों जैसे देपसांग मैदान और डेमचोक में शांति बहाल करने के प्रयासों के तहत हो रही है।
विदेश मंत्री जयशंकर से द्विपक्षीय वार्ता
यात्रा के दौरान वांग यी की मुलाकात भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से भी होगी। इस द्विपक्षीय बैठक में व्यापार, क्षेत्रीय सुरक्षा, निवेश, प्रौद्योगिकी सहयोग और संस्कृति आदान-प्रदान जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों नेता व्यापार संतुलन सुधारने और रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने के उपायों पर मंथन करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी संग करेंगे मुलाकात
जानकारी के अनुसार,19 अगस्त को वांग यी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके सरकारी आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात कर सकते हैं। यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि यह आगामी शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से ठीक पहले हो रही है, जिसमें पीएम मोदी के भाग लेने की संभावना है।
SCO सम्मेलन की तैयारी में अहम दौरा
गौरतलब है कि चीन के तियानजिन शहर में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक होने वाले SCO शिखर सम्मेलन को संगठन के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा सम्मेलन माना जा रहा है। ऐसे में वांग यी का भारत दौरा दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने और सम्मेलन की रणनीतिक तैयारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग
वांग यी की इस यात्रा के दौरान SCO, BRICS और G20 जैसे बहुपक्षीय मंचों पर भारत-चीन सहयोग को लेकर भी विचार-विमर्श होगा। साथ ही, आतंकवाद, वैश्विक आर्थिक अस्थिरता और क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों पर भी व्यापक चर्चा हो सकती है।