मुंबई: मुंबई में मंगलवार को भी भारी बारिश हुई जिससे सड़कों पर पानी भर गया और सड़क यातायात तथा शहर की जीवन रेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि मुंबई में भारी बारिश के बाद मिठी नदी का जलस्तर बढ़ जाने के कारण कुर्ला क्षेत्र से लगभग 350 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्थिति की समीक्षा की और कहा कि स्थानीय निकाय के प्रमुख ने उन्हें बताया कि शहर में केवल 6 घंटे में लगभग 200 मिलीमीटर बारिश हुई है। लगातार बारिश के कारण स्कूल, कॉलेज, सरकारी और अर्ध-सरकारी कार्यालय बंद रहे और मुंबई उच्च न्यायालय में दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक ही कामकाज हुआ। इस बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई, ठाणो, रायगढ़ और पालघर जिलों और मध्य महाराष्ट्र के आसपास के घाट क्षेत्रों सहित कोंकण क्षेत्र के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी कर बुधवार तक अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है।
अधिकारियों ने बताया कि मध्य रेलवे ने भारी बारिश के बाद पटरियों पर जलभराव होने के कारण मंगलवार को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और कुर्ला स्टेशन के बीच हार्बर लाइन पर अपनी लोकल रेल सेवाएं निलंबित कर दी हैं। अधिकारियों ने बताया कि कुर्ला और सायन स्टेशन के बीच मुख्य लाइन पर भी पटरियों पर पानी भर जाने के कारण सेवाएं निलंबित कर दी गईं हैं। बीएमसी ने मंगलवार सुबह एक बयान में मुंबई और उपनगरों में लगातार हो रही भारी बारिश तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी ‘रेड अलर्ट’ के मद्देनजर एहतियात के तौर पर सभी सरकारी और अर्ध-सरकारी कार्यालयों को बंद करने की घोषणा की।
ये भी पढ़ें- अब नहीं चलेगी चालाकी: टोल न भरने पर आएगा ई-नोटिस, 72 घंटे की डेडलाइन तय