Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन में सैन्य परेड की तैयारियाँ पूरी, पहली बार प्रदर्शित होंगे नए हथियार

August 20, 2025

चीन में सैन्य परेड की तैयारियाँ पूरी, पहली बार प्रदर्शित होंगे नए हथियार

 इंटरनेशनल डेस्क: 3 सितंबर को चीन में होने वाली सैन्य परेड की सभी तैयारियाँ लगभग पूरी हो चुकी हैं। चीनी राज्य परिषद के सूचना कार्यालय द्वारा 20 अगस्त को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैन्य परेड नेतृत्व समूह कार्यालय के उप निदेशक वू त्से-ख ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह परेड चीन के आधुनिकीकरण और चीनी जन सेना की 100वीं वर्षगांठ के प्रयास में एक नए अध्याय की शुरुआत करेगी।

बताया गया कि सैन्य परेड में भाग लेने वाले सभी अधिकारी और सैनिक पार्टी और जनता द्वारा निरीक्षण का उत्साहपूर्वक स्वागत करेंगे और 3 सितंबर को विजय दिवस, जिसे दुनिया भर के लोगों को हमेशा याद रखना चाहिए, मिलकर मनाएँगे। लगभग 70 मिनट तक चलने वाली इस परेड में 45 दस्ते निरीक्षण के लिए तैयार हैं। सीपीसी केंद्रीय समिति के महासचिव, चीनी राष्ट्रपति और चीनी सैन्य आयोग के अध्यक्ष शी चिनफिंग सेना की सलामी लेंगे। परेड में सैनिक वायु ध्वज रक्षक दस्ता, मार्चिंग दस्ता, युद्ध ध्वज दस्ता, साजो-सामान दस्ता और वायु दस्ता थ्येनआनमन चौक से गुज़रेंगे।

इस सैन्य परेड में, पार्टी ध्वज, राष्ट्रीय ध्वज और सैन्य ध्वज के नेतृत्व में, सैन्य और सशस्त्र पुलिस बल के झंडे लिए निरीक्षण दल अपनी उपस्थिति दर्ज कराएँगे। यह पहली बार है जब चीनी सेना की नई बल संरचना का प्रदर्शन किसी सैन्य परेड में किया जाएगा।
इस परेड की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें शामिल किए गए अधिकांश हथियार और साजो-सामान चीन के वर्तमान मुख्य युद्ध उपकरण हैं और इनमें से कई पहली बार सार्वजनिक रूप से दिखाए जाएँगे। थल, समुद्र और वायु आधारित कुछ सामरिक भारी हथियार, उच्च तकनीक वाले सटीक हमले के उपकरण और मानव-रहित साजो-सामान भी प्रदर्शित किए जाएँगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में, संबंधित अधिकारी ने बताया कि इस निरीक्षण में भाग लेने वाले उपकरणों की संख्या और मॉडल सैकड़ों तक पहुँचेंगे, और प्रदर्शित सभी हथियार और उपकरण घरेलू स्तर पर निर्मित मुख्य लड़ाकू उपकरण हैं। यह 2019 के राष्ट्रीय दिवस सैन्य परेड के बाद चीनी सेना के नई पीढ़ी के हथियारों और उपकरणों का एक केंद्रित प्रदर्शन होगा।

प्रदर्शन पर नई पीढ़ी के उपकरणों में नए प्रकार के टैंक, जहाज-आधारित विमान, लड़ाकू जेट, नए प्रकार के मानव रहित हवाई वाहन, रणनीतिक मिसाइलें आदि शामिल होंगे, जो नए क्षेत्रों में चीनी सेना की नई गुणवत्ता वाली लड़ाकू शक्ति का प्रदर्शन करेंगे।
हवाई दस्ते में उन्नत पूर्व चेतावनी विमान, लड़ाकू विमान, बमवर्षक और परिवहन विमान शामिल हैं, जो चीनी सेना की हवाई युद्ध क्षमताओं में हुई तीव्र प्रगति को दर्शाते हैं। साजो-सामान दस्तों को वास्तविक युद्ध संरचनाओं के अनुसार संगठित किया गया है, जिनमें स्थलीय लड़ाकू समूह, समुद्री लड़ाकू समूह, वायु रक्षा समूह, सूचना लड़ाकू समूह और रणनीतिक हमला समूह शामिल हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी बताया गया कि इस परेड में शांति सेना का दस्ता भी शामिल होगा, जिसमें ऐसे सैनिक होंगे जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय शांति अभियानों में भाग लिया है। यह न केवल जापान के ख़िलाफ़ चीनी जनता की जीत का जश्न है, बल्कि विश्व शांति बनाए रखने के लिए एक प्रमुख राष्ट्र के रूप में चीन की जिम्मेदारी को भी दर्शाता है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

ये भी पढ़ें : Covid के बाद India REIT Market में उछाल, Listed Market ₹1.72 लाख करोड़ पहुंचा 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें