Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

करनाल असंध: सरकारी स्कूल के हेड मास्टर पर 10 छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस

August 23, 2025

करनाल असंध: सरकारी स्कूल के हेड मास्टर पर 10 छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस

असंध (करनाल): सरकारी प्राथमिक विद्यालय में मासूम बच्चियों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। हेड मास्टर दयानंद (55) पर आरोप है कि वह लंबे समय से छात्राओं को परेशान कर रहा था। एक छात्रा की हिम्मत ने राज़ खोला तो कई और बच्चियां सामने आईं और बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष शिकायत दर्ज कराई।

घटना का खुलासा 18 अगस्त को हुआ, जब एक छात्रा घर लौटी तो गुमसुम थी। मां ने जब उससे पूछा तो उसने बताया कि लंच ब्रेक के बाद क्लासरूम में टिफिन रखते समय हेड मास्टर ने गलत हरकत की और विरोध करने पर थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद अन्य 10 बच्चियों ने भी साहस दिखाते हुए CWC टीम को आपबीती सुनाई।

मां की शिकायत पर पुलिस ने जींद के अलेवा गांव निवासी आरोपी हेड मास्टर दयानंद के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी घर से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

CWC टीम ने स्कूल का दौरा किया और बच्चियों से पूछताछ की। सभी के बयान लगभग एक जैसे निकले। बच्चियों ने बताया कि आरोपी अक्सर क्लास में बुलाकर गलत तरीके से छूता था। जांच में यह भी सामने आया कि छह महीने पहले भी ऐसी शिकायत हुई थी लेकिन पंचायत में माफी मांगकर आरोपी बच गया था।

अब अभिभावक और ग्रामीण सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि आरोपी को निलंबित किया जाएगा और विभागीय जांच भी होगी। DSP असंध गौरखपाल राणा के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें