Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

देशभर में मूसलधार बारिश से बढ़ी चुनौतियां, लद्दाख में सीजन की पहली बर्फबारी

August 27, 2025

देशभर में मूसलधार बारिश से बढ़ी चुनौतियां, लद्दाख में सीजन की पहली बर्फबारी

Today’s Weather 27 August 2025 : जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में पिछले 24 घंटों के दौरान मूसलधार बारिश और बर्फबारी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भी इन राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे बाढ़, लैंडस्लाइड और अन्य मौसम संबंधी घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह से ही हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज रात तक यह सिलसिला जारी रह सकता है। इसके अलावा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, और इन क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं। इस दौरान, लैंडस्लाइड और भारी बारिश से नुकसान की संभावना को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।

राजस्थान और मध्य भारत में बाढ़ जैसे हालात
राजस्थान में 27 अगस्त को भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। खासकर उप-हिमालयी क्षेत्रों में बारिश का पानी नदियों और नालों में बहकर बाढ़ जैसे हालात पैदा कर सकता है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी बारिश से कई स्थानों पर जलभराव हो सकता है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में मूसलधार बारिश के जारी रहने की संभावना जताई है।

गुजरात-महाराष्ट्र
गुजरात, कोंकण और गोवा, और मध्य महाराष्ट्र में अगले 6-7 दिनों के दौरान भारी वर्षा का अनुमान है। मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में 27 और 28 अगस्त को अत्यधिक वर्षा होने की संभावना है।

लद्दाख में पहली बर्फबारी, रेड अलर्ट जारी
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में मौसम की पहली बर्फबारी हुई है, जहां खारदुंग ला दर्रे पर बर्फबारी देखने को मिली। लेह-पैंगोंग झील मार्ग और चांगला टॉप जैसी ऊंची चोटियों पर भी हल्की बर्फबारी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों ने लद्दाख के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिससे इन क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वोत्तर राज्यों में 27 से 31 अगस्त के बीच असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले सात दिनों के दौरान तेज बारिश हो सकती है। तमिलनाडु और कर्नाटका में भी 27 और 28 अगस्त को बहुत भारी बारिश का अनुमान है, जिससे बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो सकते हैं।

अगले 24 घंटों के दौरान इन राज्यों में बारिश की आशंका
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल, उत्तराखंड, अंडमान-निकोबार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में बारिश की संभावना जताई गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें