नेशनल डेस्क: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राजस्थान विधानसभा से अपनी पेंशन के लिए आवेदन किया है। धनखड़ 1993 में कांग्रेस के टिकट पर किशनगढ़ से विधायक बने थे। नियम के अनुसार, 74 साल के धनखड़ को लगभग 42 हजार रुपये मासिक पेंशन मिलेगी।
राजस्थान में नेताओं के लिए दोहरी-तिहरी पेंशन व्यवस्था लागू है। इसका मतलब है कि अगर कोई व्यक्ति सांसद और विधायक दोनों पदों पर रहा है, तो वह दोनों पदों की पेंशन ले सकता है। हालांकि, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष ने अभी तक धनखड़ के आवेदन की पुष्टि नहीं की है।
धनखड़ ने 21 जुलाई 2025 को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया। उन्होंने खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इस्तीफा सौंपा। इस्तीफे के बाद, धनखड़ अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं, नियमित योगाभ्यास कर रहे हैं और टेबल टेनिस खेल रहे हैं। जानकारी के अनुसार, जब वह पश्चिम बंगाल के राज्यपाल थे, तब उन्होंने शौकिया टेबल टेनिस खेलना शुरू किया था।
धनखड़ के इस्तीफे के बाद नए उपराष्ट्रपति का चुनाव 9 सितंबर को होना है। केंद्र की सत्ताधारी राजग ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा है। धनखड़ का उपराष्ट्रपति का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 को समाप्त होना था।
ये भी पढ़ें: Odisha के होटल-रेस्टोरेंट संगठनों ने केंद्र से LPG सप्लाई बहाल करने का आग्रह किया