Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Asia Cup 2025 : UAE में भीषण गर्मी; आधा घंटा देरी से शुरू होंगे मुकाबले

August 31, 2025

Asia Cup 2025 : UAE में भीषण गर्मी; आधा घंटा देरी से शुरू होंगे मुकाबले

दुबई: एशिया कप 9 सितंबर को शुरू होने वाला है। टी-20 फॉर्मेट में खेले जाने वाला यह टूर्नामैंट संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होगा। इसमें क्रिकेट के 19 मैच खेले जाने हैं, लेकिन वहां पड़ रही भीषण गर्मी मैचों के पूर्व निर्धारित समय बदलने की वजह बन गई है। मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमानों के अनुसार, सितंबर में यूएई में दिन का तापमान 40 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच सकता है। इस वजह से टूर्नामैंट के दिन-रात को होने वाले सभी मैचों का समय भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे (स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजे) से बदलकर भारतीय समयानुसार रात 8 बजे (स्थानीय समयानुसार शाम 6:30 बजे) कर दिया गया है।

इस बदलाव से अप्रभावित एकमात्र मैच 15 सितंबर को अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में होगा, जो यूएई और ओमान के बीच होगा। ये मैच भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे (स्थानीय समयानुसार शाम 4 बजे) शुरू होगा। अफगानिस्तान और हांगकांग के बीच होने वाले मुकाबले से टूर्नामैंट की शुरुआत होगी। दुबई में 11 मैच खेले जाएंगे, जिनमें 28 सितंबर को होने वाला फाइनल भी शामिल है। शेष 8 मैच अबू धाबी में खेले जाएंगे। टी-20 अंतर्राष्ट्रीय प्रारूप में आयोजित होने वाले एशिया कप में 8 टीमें होंगी।

भारत, पाकिस्तान, यूएई और ओमान को ग्रुप ए में रखा गया है। ग्रुप बी में बंगलादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और हांगकांग शामिल हैं। भारत अपने ग्रुप ए के मैच क्रमश: 10 और 14 सितंबर को दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में क्रमश: यूएई और पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा। ओमान और भारत के बीच होने वाला मैच खिलाफ 19 सितंबर को अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में होगा। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष 2 टीमें सुपर फोर चरण में आगे बढ़ेंगी। इससे पहले 2023 के एशिया कप फाइनल में श्रीलंका को हराकर भारतीय टीम चैंपियन बनी थी।

ये भी पढ़ें : Anti Corruption Bureau की बड़ी कार्रवाई: 40 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया सब-इंस्पेक्टर

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें