पंजाब डेस्क: कपूरथला ज़िले में बीते कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात को गंभीर बना दिया है। जिले से होकर बहने वाली ब्यास नदी का जलस्तर चिंताजनक स्तर तक पहुँच गया है, जिससे प्रशासन ने इलाके में रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
उपायुक्त अमित कुमार पंचाल ने जानकारी देते हुए बताया कि ब्यास नदी का जलप्रवाह 2.35 लाख क्यूसेक को पार कर गया है, जो खतरे के निशान से ऊपर है। प्रशासन का कहना है कि अगर बारिश यूं ही जारी रही, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
शनिवार रात से शुरू हुई लगातार बारिश के कारण नदी में उफान आया है, जिससे विशेष रूप से निचले इलाकों में बाढ़ का ख़तरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने उन इलाकों में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए हैं।
सेना और NDRF की टीमें मुस्तैद
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और सेना की टीमें मौके पर तैनात कर दी गई हैं। प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। नावों और ट्रैक्टरों की मदद से राहत और बचाव कार्य चल रहा है।
24×7 हेल्पलाइन नंबर जारी
आपातकालीन सहायता के लिए ज़िला प्रशासन ने निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। ज़िला नियंत्रण कक्ष: 62800-49331, 01822-231990
सुल्तानपुर लोधी बाढ़ नियंत्रण कक्ष: 01828-222169
ये सभी नंबर 24 घंटे सक्रिय रहेंगे और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और केवल सरकारी सूत्रों से प्राप्त सूचना पर ही भरोसा करें। साथ ही, स्थानीय निवासियों को सलाह दी गई है कि वे ज़रूरी दस्तावेज़ और सामान संभालकर रखें तथा बच्चों और बुज़ुर्गों की विशेष देखभाल करें।
मेष: दिन शुभ रहेगा...