Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

शी चिनफिंग ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की

August 31, 2025

शी चिनफिंग ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की

इंटरनेशनल डेस्क: 31 अगस्त की दोपहर को, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने थ्येनचिन गेस्ट हाउस में 2025 शांगहाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीन आए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

शी चिनफिंग ने कहा कि पिछले वर्ष, हमने कज़ान में मुलाकात कर चीन-भारत सम्बंधों को पुनः शुरू किया और दोनों देशों के बीच आदान-प्रदान और सहयोग में नई प्रगति जारी रही। चीन और भारत दो प्राचीन पूर्वी सभ्यताएं हैं, विश्व के दो सबसे अधिक जनसंख्या वाले देश हैं, तथा वैश्विक दक्षिण के महत्वपूर्ण सदस्य हैं। अच्छे पड़ोसी मित्र बनना, पारस्परिक सफलता के लिए साझेदार बनना तथा “ड्रैगन और हाथी का नृत्य” साकार करना चीन और भारत दोनों के लिए सही विकल्प होना चाहिए।

शी चिनफिंग ने जोर देते हुए कहा कि इस वर्ष चीन और भारत के बीच राजनयिक सम्बंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ है। दोनों पक्षों को रणनीतिक और दीर्घकालिक दृष्टिकोण से चीन-भारत सम्बंधों को देखना और संभालना चाहिए, थ्येनचिन शिखर सम्मेलन के माध्यम से सम्बंधों को आगे बढ़ाना चाहिए और द्विपक्षीय सम्बंधों के निरंतर स्वस्थ और स्थिर विकास को बढ़ावा देना चाहिए।

मोदी ने कहा कि कज़ान में राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ मेरी मुलाक़ात ने भारत-चीन सम्बंधों के विकास की दिशा तय की। भारत-चीन सम्बंध सकारात्मक राह पर लौट आए हैं, सीमा शांतिपूर्ण और स्थिर बनी हुई है और सीधी उड़ानें फिर से शुरू होने वाली हैं। इन उपलब्धियों से न केवल भारत और चीन के लोगों को, बल्कि पूरी दुनिया को लाभ होगा। भारत और चीन साझेदार हैं, प्रतिद्वंद्वी नहीं, और हमारे बीच आम सहमति हमारे मतभेदों से कहीं ज़्यादा है।

भारत द्विपक्षीय सम्बंधों को दीर्घकालिक दृष्टिकोण से देखने और विकसित करने का इच्छुक है। दोनों देशों के बीच सहयोग 21वीं सदी को वास्तव में एशियाई सदी बनाएगा और दोनों पक्ष अंतर्राष्ट्रीय मामलों में बहुपक्षवाद की शक्ति को बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेंगे।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

ये भी पढ़ें : Anti Corruption Bureau की बड़ी कार्रवाई: 40 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया सब-इंस्पेक्टर

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें