Rashid Khan Record: अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। वह इस फॉर्मेट में अब तक के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। राशिद ने यह उपलब्धि ट्राई सीरीज में यूएई के खिलाफ खेले गए मुकाबले में हासिल की। इस मैच में उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 21 रन देकर 3 अहम विकेट झटके और अफगानिस्तान की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। अफगानिस्तान ने यह मैच 38 रनों से अपने नाम किया।
टिम साउदी को छोड़ा पीछे
अब तक टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक विकेटों का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी के नाम था। लेकिन राशिद खान ने 98 मैचों में 165 विकेट लेकर साउदी को पीछे छोड़ दिया। साउदी ने 126 मैचों में 164 विकेट लिए थे। इस सूची में न्यूजीलैंड के ही ईश सोढ़ी 126 मैचों में 150 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर हैं। वहीं बांग्लादेश के दिग्गज ऑलराउंडर शाकिब अल हसन 149 विकेट के साथ चौथे और उनके साथी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान 142 विकेट के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद हैं।
सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज (टी-20 इंटरनेशनल)
राशिद खान: 165 विकेट (98 मैच)
टिम साउदी: 164 विकेट (126 मैच)
ईश सोढ़ी: 150 विकेट (126 मैच)
शाकिब अल हसन: 149 विकेट (129 मैच)
मुस्तफिजुर रहमान: 142 विकेट (113 मैच)
अफगानिस्तान ने दर्ज की पहली जीत
ट्राई सीरीज के इस मैच में यूएई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए। टीम के लिए इब्राहिम जादरान ने 40 गेंदों पर 63 रन और सेदिकुल्लाह अटल ने 40 गेंदों पर 53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने पारी को संभालते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 150 रन ही बना सकी। टीम के कप्तान मुहम्मद वसीम ने 37 गेंदों पर 67 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 6 छक्के शामिल थे। उनके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल चोपड़ा ने 35 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेली। हालांकि अन्य बल्लेबाज अफगानिस्तान के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते रहे और सात खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए।
ऐतिहासिक जीत और नया मील का पत्थर
बता दें कि यह जीत अफगानिस्तान की इस ट्राई सीरीज में पहली जीत रही, वहीं राशिद खान का यह रिकॉर्ड टीम और देश के लिए गौरव का क्षण बन गया। उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि वह टी-20 फॉर्मेट के सबसे खतरनाक और प्रभावशाली गेंदबाज हैं। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड और दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों ने राशिद को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...