Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘कांग्रेस सिर्फ मजाक उड़ाती रही, पीएम मोदी ने काम किया’, किसानों के अपमान पर खड़गे पर भड़के अमित मालवीय

September 8, 2025

‘कांग्रेस सिर्फ मजाक उड़ाती रही, पीएम मोदी ने काम किया’, किसानों के अपमान पर खड़गे पर भड़के अमित मालवीय

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर किसानों की भावनाओं का मज़ाक उड़ाने का आरोप लगाया है। भाजपा नेता अमित मालवीय और शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस किसानों के दर्द को समझने के बजाय उनका अपमान करती है।

हर समय रोना-धोना और प्रचार मत करो: खड़गे 

अमित मालवीय ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “अगली बार जब राहुल गांधी या कांग्रेस किसानों के लिए बोलने का नाटक करें, तो उन्हें याद दिलाना चाहिए कि उनके अपने अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने किसानों से कहा कि हर समय रोना-धोना और प्रचार मत करो। यही कांग्रेस की असंवेदनशीलता है, जिसने किसानों को दशकों तक निराशा और तकलीफ में रखा।”

कांग्रेस मज़ाक उड़ाती रही, मोदी ने असली काम किया

मालवीय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसानों के लिए की गई योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने खेती में क्रांति की शुरुआत की। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने, खेती को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और फसलों को मौसम के ख़तरों से बचाने के लिए कई कदम उठाए। कांग्रेस सिर्फ़ मज़ाक उड़ाती रही, जबकि मोदी ने असली काम किया।”

 

शहजाद पूनावाला ने भी खड़गे को घेरा 

इससे पहले भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने भी कांग्रेस अध्यक्ष पर किसानों का अनादर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब एक किसान अपनी समस्या खड़गे जी को बता रहा था, तब खड़गे ने उसे भगा दिया। पूनावाला ने कहा, “कांग्रेस ने 8 साल तक स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं की। कर्नाटक में हज़ारों किसान आत्महत्या कर चुके हैं। यह साफ़ दिखाता है कि कांग्रेस किसानों के खिलाफ है।”

तारिक अनवर पर भी निशाना साधा

पूनावाला ने कांग्रेस सांसद तारिक अनवर पर भी निशाना साधा। बिहार में बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे के दौरान ग्रामीणों ने अनवर को कंधों पर बैठाकर नदी पार कराई थी। इस वीडियो के सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर “वीवीआईपी संस्कृति” का आरोप लगाया।

पूनावाला ने कहा, “कांग्रेस नेताओं की आदत बन चुकी है कि हर जगह वीवीआईपी प्रोटोकॉल चाहिए। एक तरफ खड़गे किसानों का अपमान करते हैं, दूसरी तरफ तारिक अनवर बाढ़ प्रभावित इलाकों का मज़ाक उड़ाते हैं। राहुल गांधी छुट्टियों में रहते हैं और कांग्रेस छिपने में, जबकि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा काम में जुटे रहते हैं।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें