
कल्पना कीजिए, अगर हमारी ज़िंदगी से शिक्षक गायब हो जाएं तो क्या होगा? शायद किताबें होंगी, इंटरनेट होगा, और ढेर सारी जानकारियां भी मिलेंगी, लेकिन क्या वह आत्मा को छू लेने वाली सीख मिल पाएगी, जो एक शिक्षक की मुस्कान, उसके प्रोत्साहन और उसकी डांट के पीछे छिपी होती है? बिल्कुल नहीं। यही कारण है कि भारत और चीन जैसे प्राचीन सभ्यता वाले देशों में शिक्षक को सिर्फ पढ़ाने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि मार्गदर्शक, गुरु और समाज निर्माता माना गया है।
भारत और चीन, दोनों की परंपराओं में शिक्षक की भूमिका बहुत गहरी है। भारत में गुरु को हमेशा देवताओं से ऊपर स्थान दिया गया है। एक पुरानी कहावत है, “गुरु गोविंद दोऊ खड़े, काके लागूँ पाय, बलिहारी गुरु आपने, जिन गोविंद दियो बताय।” यानी गुरु ही वह हैं, जिन्होंने हमें परम सत्य का मार्ग दिखाया। चीन में भी शिक्षा और शिक्षक का महत्व कन्फ्यूशियस की शिक्षाओं से जुड़ा है। कन्फ्यूशियस सिर्फ एक दार्शनिक ही नहीं, बल्कि एक आदर्श शिक्षक भी थे, जिन्होंने कहा था कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि इंसान को बेहतर इंसान बनाना है।
भारत में हर साल 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह दिन देश के पहले उपराष्ट्रपति और दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन की याद में मनाया जाता है। राधाकृष्णन स्वयं महान शिक्षक थे, जिन्होंने कहा था कि अगर कोई मेरी जयंती मनाना चाहता है, तो उसे शिक्षक दिवस के रूप में मनाए। इस दिन स्कूल-कॉलेजों में बड़ा उत्साह रहता है। छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों का आभार प्रकट करते हैं, छोटे-छोटे कार्यक्रम होते हैं, और कई बार छात्र खुद अध्यापक बनकर क्लास भी लेते हैं। यह एक उत्सव है, जिसमें शिक्षक और शिष्य दोनों ही बराबर शामिल रहते हैं।
वहीं, चीन में शिक्षक दिवस हर साल 10 सितंबर को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत 1985 से हुई थी। यह वही दिन है जब हजारों स्कूली बच्चे और छात्र अपने गुरुओं (शिक्षकों) द्वारा दी गई शिक्षा, मार्गदर्शन और मूल्यों के प्रति उन्हें आभार व्यक्त करते है और उन्हें श्रद्धा से याद करते हैं। स्कूल-कॉलेज सहित अलग-अलग संस्थाओं में शिक्षक दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इस दिन पूरे चीन में शिक्षकों को मान-सम्मान देकर उनके काम की सराहना की जाती है, और सभी छात्र अपने शिक्षक को उपहार भी भेंट करते हैं। कई जगहों पर पुराने छात्र अपने गुरु से मिलने जाते हैं और उन्हें सम्मानित करते हैं। चीनी समाज में शिक्षक को “दूसरे माता-पिता” कहा जाता है। यह परंपरा दिखाती है कि चाहे भाषा अलग हो, संस्कृति अलग हो, लेकिन शिक्षक के प्रति सम्मान हर जगह एक जैसा है।
भारत और चीन दोनों देशों के अनुभव हमें एक दिलचस्प समानता की ओर ले जाते हैं। दोनों जगह शिक्षा को केवल नौकरी पाने का साधन नहीं माना जाता, बल्कि इंसान बनाने का ज़रिया समझा जाता है। शिक्षक का काम केवल किताबों का ज्ञान देना नहीं है, बल्कि बच्चों के दिल-दिमाग को इस तरह गढ़ना है कि वे आने वाले कल के अच्छे नागरिक बन सकें।
अगर हम ईमानदारी से सोचें, तो हमें याद आएगा कि हर किसी की ज़िंदगी में कोई न कोई ऐसा शिक्षक ज़रूर रहा है, जिसने हमारी सोच बदल दी हो। कभी गणित की कठिन समस्या हल करना सिखाया, कभी जीवन की पहेली को समझाया। कभी शब्दों से प्रेरित किया, तो कभी चुपचाप अपनी मेहनत से हमें रास्ता दिखा दिया। ऐसे गुरु की अहमियत को एक दिन में समेटना मुश्किल है।
आज जब तकनीक इतनी आगे बढ़ चुकी है और पढ़ाई-लिखाई मोबाइल और कंप्यूटर पर होने लगी है, तब भी असली शिक्षक का महत्व कम नहीं हुआ है। मशीनें जानकारी दे सकती हैं, लेकिन जीवन जीने की कला, सही और गलत का फर्क, और मुश्किल समय में हिम्मत देना केवल शिक्षक ही सिखा सकते हैं। यही कारण है कि शिक्षक दिवस हमें हर साल यह याद दिलाता है कि हमें अपने गुरुओं का सम्मान करना चाहिए।
भारत और चीन दोनों देशों में यह दिन न केवल शिक्षकों को धन्यवाद देने का अवसर है, बल्कि यह समाज को भी याद दिलाता है कि शिक्षा ही सबसे बड़ा निवेश है। अगर हम शिक्षा को मजबूत बनाएंगे, तो भविष्य अपने आप मजबूत होगा।
शिक्षक, चाहे भारत के हों या चीन के, दोनों देशों की आत्मा में बसे हैं। वे रोशनी के दीपक की तरह हैं, जो खुद जलते हैं ताकि औरों के जीवन को रोशन कर सकें। और यही तो असली चमत्कार है…. ज्ञान की वह लौ, जो पीढ़ी दर पीढ़ी जलती रहती है और कभी बुझती नहीं।
(अखिल पाराशर, चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
मेष: दिन शुभ रहेगा...