Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘पड़ोसी देश में जो आग लगी है, भारत में भी भड़क…’, नेपाल में विरोध प्रदर्शनों के बीच बोले संजय राउत

September 10, 2025

‘पड़ोसी देश में जो आग लगी है, भारत में भी भड़क…’, नेपाल में विरोध प्रदर्शनों के बीच बोले संजय राउत

नेशनल डेस्क: नेपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ बढ़ते विरोध प्रदर्शन के बीच, शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने भारत में भी ऐसी घटनाएं होने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि नेपाल में जो आग लगी है, वह भारत में भी भड़क सकती है। हालांकि हिंसा नहीं होने का कारण यह है कि भारतीय लोग महात्मा गांधी की अहिंसक विचारधारा में विश्वास करते हैं।

संजय राउत ने लगाए गंभीर आरोप 

संजय राउत ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी की सरकार केवल गांधी की विचारधारा की वजह से टिक पाई है। उन्होंने कहा, “अगर यह चिंगारी भारत में आती है, तो भारत बड़ा देश है और यहां लोग गांधी में विश्वास करते हैं। आप मोदी सरकार की आलोचना कितनी भी करें, लेकिन गांधी की विचारधारा के कारण ही सरकार टिक पाई है।”

साथ ही राउत ने गरीबों को मिलने वाले मुफ्त राशन का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब आज भी वहीं हैं। उन्होंने विदेश नीति की आलोचना करते हुए कहा कि भारत ने पड़ोसी नेपाल की मदद नहीं की, जब उसे सबसे ज्यादा जरूरत थी। उन्होंने कहा, “नेपाल कभी हमारा दोस्त था और भारत को बड़ा भाई मानता था, लेकिन संकट के समय भारत साथ नहीं खड़ा हुआ।”

 

विरोध मार्च का वीडियो किया शेयर 

संजय राउत ने 9 सितंबर को नेपाल में छात्रों के विरोध मार्च का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया और लिखा, “नेपाल आज! यह स्थिति किसी भी देश में पैदा हो सकती है! सावधान रहें! भारत माता की जय!”

नेपाल में विरोध प्रदर्शन हिंसक रूप ले चुका

नेपाल में जेनरेशन ज़ेड के नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शन हिंसक रूप ले चुके हैं। नेपाली सेना ने कई शहरों में निषेधाज्ञा और कर्फ्यू लगाया। सुरक्षाबलों ने प्रदर्शन के दौरान 27 लोगों को गिरफ्तार किया और चोरी की गई 3.37 मिलियन नेपाली रुपये नकद बरामद किए। इन झड़पों में 23 पुलिस अधिकारी और 3 नागरिक घायल हुए हैं।

विरोध प्रदर्शन की शुरुआत 8 सितंबर को हुई थी, जब सरकार ने कर और साइबर सुरक्षा के हवाले से प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रतिबंध लगाया। प्रदर्शनकारी अब भ्रष्टाचार और पक्षपात को खत्म करने, सरकार को पारदर्शी बनाने और सोशल मीडिया प्रतिबंध हटाने की मांग कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें