Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

सर्बियाई राष्ट्रपति अलेक्सांद्र वुसिक का विशेष साक्षात्कार

September 13, 2025

सर्बियाई राष्ट्रपति अलेक्सांद्र वुसिक का विशेष साक्षात्कार

सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्सांद्र वुसिक ने चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) को दिए एक विशेष साक्षात्कार में, चीनी जनता के जापानी आक्रमण विरोधी युद्ध और विश्व फासीवाद विरोधी युद्ध की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में अपनी उपस्थिति के बारे में बात की। उन्होंने इस आयोजन को “चौंकाने वाला” और “सम्मानजनक” बताया। राष्ट्रपति वुसिक का मानना ​​है कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग की वैश्विक शासन पहलें अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था को पुनर्जीवित करेंगी।

राष्ट्रपति वुसिक ने 3 सितंबर के स्मारक समारोह के दौरान दिए गए राष्ट्रपति शी चिनफिंग के संदेश को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति शी ने विश्व में शांति, न्याय और स्थिरता बनाए रखने पर ज़ोर दिया, जो कि आज दुनिया की सबसे बड़ी ज़रूरत है। वुसिक ने विश्वास व्यक्त किया कि दुनिया का हर व्यक्ति राष्ट्रपति शी के इन विचारों का समर्थन करेगा।

उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के ऐतिहासिक तथ्यों को विकृत करने के प्रयासों पर चिंता भी व्यक्त की। वुसिक ने कहा कि दुनिया भर में कुछ ताकतें धन और मीडिया के प्रभाव का उपयोग करके इतिहास को मनगढ़ंत तरीके से पेश करने की कोशिश कर रही हैं। हालाँकि, उन्होंने 4 सितंबर को पेइचिंग में राष्ट्रपति शी से हुई अपनी बातचीत का ज़िक्र करते हुए कहा कि राष्ट्रपति शी ने इस तरह की कोशिशों को कभी कामयाब नहीं होने देने का दृढ़ संकल्प दिखाया है और उन्हें द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान चीन के वीरतापूर्ण संघर्ष पर गर्व है। वुसिक ने इतिहास के संरक्षण को एक “पवित्र मिशन” बताया।

अपनी बातचीत में, वुसिक ने सर्बिया के विकास में चीन के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सर्बियाई लोग आज जिस बेहतर जीवन का अनुभव कर रहे हैं, उसका श्रेय काफी हद तक चीन के निवेश, समर्थन और सहयोग को जाता है। उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान सर्बियाई लोगों द्वारा झेले गए भारी नुकसान को याद किया और कहा कि जब आप ऐसी कठिनाइयों से गुजरते हैं, तो आपको राष्ट्रपति शी द्वारा समर्थित शांति और स्थिरता के विचार अधिक सार्थक लगते हैं।

भविष्य की ओर देखते हुए, राष्ट्रपति वुसिक ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और उभरती प्रौद्योगिकियों जैसे क्षेत्रों में सर्बिया और चीन के बीच सहयोग की असीम संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने चीन को “सच्चा दोस्त” बताया जिसने महत्वपूर्ण क्षणों में सर्बिया की मदद की, जिससे उसके आर्थिक विकास को उल्लेखनीय गति मिली। आज, सर्बिया की आर्थिक विकास दर इस क्षेत्र के कई देशों और अधिकांश यूरोपीय संघ के देशों से भी अधिक है। वुसिक ने कहा कि सच्ची दोस्ती विपत्ति के समय में ही प्रकट होती है, और चीन हमेशा हर परिस्थिति में सर्बिया के साथ खड़ा रहा है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें