Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

शिनच्यांग: गोबी रेगिस्तान से आधुनिक कृषि का आदर्श मॉडल

September 13, 2025

शिनच्यांग: गोबी रेगिस्तान से आधुनिक कृषि का आदर्श मॉडल
इंटरनेशनल डेस्क: वर्ष 2025 शिनच्यांग उइगुर स्वायत्त प्रदेश की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ का प्रतीक है। चीन के कुल क्षेत्रफल के छठे हिस्से पर फैले इस विशाल भूभाग ने सात दशकों में कृषि विकास की एक असाधारण कहानी लिखी है। 1949 में जहाँ कुल अनाज उत्पादन केवल 11 लाख टन था, वहीं 2024 में यह बढ़कर 2 करोड़ 33 लाख 2 हजार टन तक पहुँच गया।
इस प्रगति ने शिनच्यांग को पारंपरिक खेती से आधुनिक उत्पादन की ओर छलांग लगाने में सक्षम बनाया और चीन की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिरता और समृद्धि में अपूरणीय योगदान दिया।
अनाज उत्पादन क्षमता में ऐतिहासिक सफलता शिनच्यांग की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि रही है। पिछले एक दशक में यहाँ रेगिस्तानी गोबी को उपजाऊ कृषि भूमि में बदल दिया गया है। अनाज उत्पादन क्षेत्र में 8 लाख हेक्टेयर से अधिक की वृद्धि हुई, जिससे शिनच्यांग चीन का सबसे तेज़ी से अनाज उत्पादन क्षमता बढ़ाने वाला प्रदेश बन गया।
छ्येमो काउंटी में 4,000 हेक्टेयर से अधिक रेगिस्तान को कृषि भूमि में बदला गया, जो “बर्फ के पानी से रेगिस्तान को उपजाऊ बनाने” की परियोजना का एक जीवंत उदाहरण है। इसके तहत उन क्षेत्रों को, जहाँ वार्षिक वाष्पीकरण वर्षा से कहीं अधिक है, उच्च उपज वाले क्षेत्रों में परिवर्तित किया जा रहा है।  साथ ही, शिनच्यांग चीन का दूसरा सबसे बड़ा “बीज कारखाना” बन चुका है। छांगची प्रिफेक्चर में लगभग 67 हजार हेक्टेयर का स्थिर बीज उत्पादन क्षेत्र और सालाना 3.5 लाख टन से अधिक की बीज आपूर्ति है। डिजिटल प्रजनन तकनीक की मदद से च्यूशंगह बीज उद्योग जैसी कंपनियाँ यह सुनिश्चित कर रही हैं कि “शिनच्यांग अनाज” पूरे देश में लगातार उपलब्ध रहे।
कपास उद्योग शिनच्यांग की प्रतिस्पर्धात्मक कृषि की पहचान है, जिसने वैश्विक स्तर पर भी मानक स्थापित किए हैं। वर्ष 2024 में यहाँ का कुल कपास उत्पादन 56 लाख 86 हजार टन तक पहुँच गया, जो चीन के कुल उत्पादन का 92.2 प्रतिशत है। प्रदेश में कपास की बुवाई, खेती और कटाई का मशीनीकरण 97 प्रतिशत से अधिक हो चुका है, वहीं मशीन कटाई की दर 90 प्रतिशत से भी ऊपर पहुँच गई है।
वर्तमान में दुनिया का पहला बुद्धिमान कॉटन टॉपिंग रोबोट शिनच्यांग में काम कर रहा है, जिसकी परिचालन सटीकता 95 प्रतिशत है और यह प्रति घंटे एक हेक्टेयर क्षेत्र की कटाई कर सकता है, जो 20 से अधिक मजदूरों की कार्य क्षमता के बराबर है। तकनीकी नवाचार का यह उदाहरण शिनच्यांग के कपास को स्थानीय उद्योग को मजबूत करने के साथ एशिया, यूरोप और अमेरिका तक निर्यात योग्य बना रहा है।
फल और वानिकी उद्योग का ब्रांडिंग और अंतर्राष्ट्रीयकरण भी शिनच्यांग की कृषि विविधता को दर्शाता है। जनवरी से अप्रैल 2024 तक, प्रदेश का फल निर्यात 66,000 टन तक पहुँच गया। कृषि उत्पाद प्रसंस्करण का कुल उत्पादन मूल्य 16.69 अरब युआन रहा, जिससे 1 लाख 29 हजार किसानों को प्रत्यक्ष लाभ हुआ और छांगची प्रिफेक्चर की ग्रामीण सामूहिक अर्थव्यवस्था को 19 करोड़ 40 लाख युआन से अधिक का लाभांश वितरित किया गया।
पिछले 70 वर्षों की यात्रा में शिनच्यांग ने खाद्य और वस्त्र जैसी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति से लेकर राष्ट्रीय योगदान तक, और पारंपरिक खेती से स्मार्ट कृषि तक का विकास किया है। यह प्रगति सभी जातीय समूहों की बुद्धिमत्ता और परिश्रम का परिणाम है। आज एक नए ऐतिहासिक पड़ाव पर खड़े होकर शिनच्यांग कृषि वैज्ञानिक और तकनीकी नवाचार को अपना मार्गदर्शक बनाकर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा और ग्रामीण पुनरोद्धार की दिशा में नए अध्याय लिखने के लिए तैयार है।
(साभार-चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें