Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

नूंह में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 90 लाख की नगदी सहित 5 आरोपी गिरफ्तार

September 18, 2025

नूंह में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 90 लाख की नगदी सहित 5 आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा डेस्क: नूंह जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की मुहिम को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना पुलिस ने एक संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो करीब 90 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी में शामिल थे।

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शौकीन (सिंगार, थाना बिछोर), आदिल (सुनहेड़ा), खालिद (लिंगाव, थाना सदर पुन्हाना), वसीम उर्फ नटीया (बालोत गौहल्ला गोंय, थाना बिछोर) और नसीम (रहपुवा) के रूप में हुई है। सभी आरोपी लंबे समय से फर्जी सिम कार्ड, नकली सोशल मीडिया प्रोफाइल और डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म्स के ज़रिए लोगों को निशाना बना रहे थे।

ऑनलाइन ठगी का तरीका

जांच में सामने आया है कि आरोपी नकली सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर विभिन्न ऑफर्स, नौकरी या निवेश योजनाओं के झूठे विज्ञापन चलाते थे। इनके झांसे में आकर लोग जैसे ही अपनी निजी जानकारी या बैंक डिटेल साझा करते, आरोपी उनसे बड़ी राशि ठग लेते थे। इसके बाद यह रकम डिजिटल वॉलेट्स और बैंक खातों के ज़रिए हवाला नेटवर्क के माध्यम से निकाली जाती थी, जिससे पुलिस तक पहुंच पाना मुश्किल हो जाता।

तकनीकी निगरानी से मिला सुराग

साइबर पोर्टल पर आ रही लगातार शिकायतों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने गिरोह की गतिविधियों को ट्रैक किया। फिर 16 सितंबर को विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर पांचों आरोपियों को धर दबोचा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से दर्जनों फर्जी सिम कार्ड, कई मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और अपराध में प्रयुक्त दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस द्वारा जांच जारी

नूंह पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान अब और तेज़ किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता है कि इस तरह के अपराधों को जड़ से खत्म किया जाए और नूंह की छवि को सुधारने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाए। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में जुट गई है। आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।

ये भी पढ़ें: जानें कौन हैं पृथ्वी शॉ की Girlfriend Akriti Agarwal… सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर हो रही वायरल

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें