Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

उधमपुर में आतंकियों से मुठभेड़ में एक जवान शहीद, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

September 20, 2025

उधमपुर में आतंकियों से मुठभेड़ में एक जवान शहीद, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर: उधमपुर जिले के ऊपरी वन क्षेत्रों में आतंकियों के खिलाफ चलाए जा रहे संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान एक बार फिर सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस भीषण मुठभेड़ में एक भारतीय जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने रविवार तड़के उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

सैन्य सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार शाम को उधमपुर के डूडू-बसंतगढ़ क्षेत्र और डोडा जिले के भद्रवाह इलाके में पड़ने वाली सेओज धार की सीमा पर सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) ने एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। इस दौरान आतंकियों के एक संभावित समूह के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें एक जवान को गोली लगी और वह बुरी तरह घायल हो गया।

घायल जवान ने तोड़ा दम

घायल जवान को तत्काल निकटतम सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी हालत नाजुक बनी रही और अंततः रविवार को शहीद हो गए। उनकी शहादत की खबर के बाद पूरे सैन्य क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। सेना ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की है और उनके परिवार को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है।

अभी भी जारी है तलाशी अभियान

घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में अब भी 2 से 3 आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। तलाशी में तेजी लाने के लिए ड्रोन्स, स्निफर डॉग्स और अतिरिक्त सुरक्षाबलों को भी मैदान में उतारा गया है। सर्च ऑपरेशन उधमपुर और डोडा, दोनों तरफ से समन्वय के साथ जारी है।

कठुआ में भी हाई अलर्ट पर सुरक्षा बल

इस बीच, कठुआ जिले में भी सुरक्षा एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। ढोलका-सान्याल नर्सरी क्षेत्र में स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने बुधवार को एक संयुक्त तलाशी अभियान छेड़ा, जहां पहले भी पाकिस्तान से घुसपैठ की कोशिशें हो चुकी हैं।

गौरतलब है कि मार्च में इसी इलाके में भारी हथियारों से लैस आतंकियों का एक समूह घुसपैठ करता पकड़ा गया था। उस अभियान में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकी मारे गए थे, लेकिन इसमें चार पुलिस जवानों की भी शहादत हुई थी।

सुरक्षा बल सतर्क

जम्मू-कश्मीर के इन संवेदनशील क्षेत्रों में हाल के दिनों में आतंकियों की गतिविधियों में बढ़ोतरी ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि सीमा पार से आतंकी नेटवर्क सक्रिय हैं। सेना और पुलिस की सतर्कता ने कई हमलों को विफल किया है, लेकिन इसकी कीमत कई बार हमारे जवानों की शहादत से चुकानी पड़ती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें