Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

J&K: आतंकियों के खिलाफ सेना का सर्च ऑपरेशन जारी, जनरल पीके मिश्र ने लिया अभियानों का जायजा

September 22, 2025

J&K: आतंकियों के खिलाफ सेना का सर्च ऑपरेशन जारी, जनरल पीके मिश्र ने लिया अभियानों का जायजा

जम्मू: व्हाइट नाइट कोर के जनरल अफसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल पी के मिश्र ने आतंकवादियों के साथ हालिया मुठभेड़ों के बाद जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, डोडा और किश्तवाड़ जिलों के पहाड़ी इलाकों में जारी आतंकवाद रोधी अभियानों का सोमवार को जायजा लिया।

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार शाम से उधमपुर जिले के डुडु-बसंतगढ़ को डोडा जिले के भद्रवाह से जोड़ने वाले सेओज धार जंगल में व्यापक तलाशी अभियान संचालित किया जा रहा है। वहां आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया था। रविवार दोपहर को मुठभेड़ के बाद किश्तवाड़ जिले के केशवन जंगल क्षेत्र में एक और अभियान शुरू किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि आतंकवाद रोधी बल (डेल्टा) के जीओसी मेजर जनरल ए पी एस बल के साथ कोर कमांडर जारी अभियानों की समीक्षा करने के लिए आज सुबह हेलीकॉप्टर से सेओज धार पहुंचे। उन्होंने बताया कि हालांकि सेओज धार और केशवन में शुरुआती मुठभेड़ के बाद आतंकवादियों का कुछ पता नहीं चला है लेकिन घने जंगलों के ऊपर हेलीकॉप्टर मंडराते देखे गए, जहां सेना, पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त दल तलाशी अभियान संचालित कर रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों का पता लगाने में मदद के लिए ड्रोन और खोजी कुत्तों को तैनात किया गया है। इस बीच सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद कठुआ जिले के मल्हार इलाके में घेराबंदी कर और तलाशी अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान जारी है लेकिन अभी तक संदिग्धों का कोई सुराग नहीं मिला है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें