23 सितंबर को चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) द्वारा आयोजित संयुक्त राष्ट्र फ़ोटो प्रदर्शनी “सद्भाव की सुंदरता, साझा भाग्य” न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में शुरू हुई। इस अवसर पर सीएमजी के निदेशक शन हाईश्योंग ने वीडियो संदेश के माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में संयुक्त राष्ट्र सचिवालय के राजनीतिक एवं शांति-निर्माण विभाग के एशिया और प्रशांत प्रभाग के निदेशक पीटर ड्यू तथा संयुक्त राष्ट्र वैश्विक संचार विभाग के समाचार एवं मीडिया प्रभाग के निदेशक इयान फ़िलिप्स उपस्थित रहे और अपने विचार साझा किए। इसके अलावा, निकारागुआ और इंडोनेशिया सहित कई देशों के संयुक्त राष्ट्र राजदूतों, चीन और अमेरिका के कला एवं मीडिया जगत के प्रतिनिधियों ने भी प्रदर्शनी में भाग लिया।
अपने संबोधन में शन हाईश्योंग ने कहा कि संगीत और चित्र मानवता की सार्वभौमिक भाषा हैं। सीएमजी इन माध्यमों के ज़रिए एक सुंदर दृष्टि प्रस्तुत करता है। उन्होंने बताया कि सीएमजी की उत्कृष्ट कृतियाँ जैसे “मानव कार्बन पदचिह्न”, “गरीबी से मुक्ति” और “समृद्धि का मार्ग”, पिछले दस वर्षों में चीन द्वारा संयुक्त राष्ट्र सतत विकास एजेंडे में हासिल की गई उपलब्धियों को सजीव रूप से दर्शाती हैं। ये रचनाएँ एक बड़े देश की ज़िम्मेदारी और प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती हैं।
शन ने आगे कहा कि हमें संयुक्त राष्ट्र की स्थापना की मूल भावना की समीक्षा करनी चाहिए, इतिहास से सीख लेकर शांति को महत्व देना चाहिए और साझा भविष्य वाले मानव समुदाय के निर्माण के लिए मिलकर प्रयास करना चाहिए। पीटर ड्यू ने अपने भाषण में कला, संस्कृति और कहानियों के माध्यम से संवाद का मंच उपलब्ध कराने के लिए सीएमजी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चीन आम, व्यापक, सहयोगात्मक और सतत सुरक्षा की अवधारणा का पालन करता है, जो संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों की अवधारणा से गहराई से जुड़ी है। संघर्ष और झूठी सूचनाओं जैसी चुनौतियों के दौर में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को एकजुट होकर परस्पर सहयोग की भावना को बनाए रखना होगा और बहुपक्षवाद की रक्षा करनी होगी।
इयान फ़िलिप्स ने कहा कि चीनी मीडिया, विशेषकर सीएमजी ने उच्च स्तरीय व्यावसायिकता और पहल का परिचय दिया है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की कहानियों को साझा करने और बहुपक्षवाद की अवधारणा को आगे बढ़ाने में ठोस योगदान दिया है। फ़िलिप्स ने ज़ोर देकर कहा कि आज बहुपक्षवाद और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में संयुक्त राष्ट्र को वैश्विक मीडिया के साथ साझेदारी और गहरी करनी होगी, ताकि संचार और आपसी समझ को और मज़बूत किया जा सके।
कार्यक्रम में शामिल अतिथियों ने भी इस बात पर बल दिया कि संयुक्त राष्ट्र की 80 वर्ष की यात्रा इस सच्चाई को सिद्ध करती है कि वैश्विक चुनौतियों का समाधान केवल सच्चे बहुपक्षवाद के माध्यम से ही संभव है। संयुक्त राष्ट्र के इतिहास की समीक्षा और बहुपक्षीय सहयोग को प्रोत्साहित करने की अपील के साथ यह फ़ोटो प्रदर्शनी शांति की रक्षा और आपसी समझ बढ़ाने की दिशा में एक और मज़बूत कदम साबित हुई।
(साभार-चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)