जम्मू-कश्मीर डेस्क. जम्मू-कश्मीर में 29 सितंबर से कई बंद पर्यटन स्थल फिर से खुलने जा रहे हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने खुद इसकी जानकारी दी है। LG मनोज सिन्हा ने बताया कि कश्मीर और जम्मू डिवीजन के प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट्स को दोबारा पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। बता दें ये टूरिस्ट स्पॉट्स पहलगाम आतंकी हमले के बाद बंद कर दिए गए थे।

खोले जाएंगे ये स्थल
कश्मीर डिवीजन में अरु वैली, राफ्टिंग पॉइंट यान्नर, अक्कड़ पार्क, पदशाही पार्क और कमान पोस्ट, डगन टॉप, रामबन, कठुआ के धग्गर क्षेत्र, रियासी के शिव गुफा आदि स्थल 29 सितंबर से चरणबद्ध तरीके से खोले जाएंगे। उपराज्यपाल ने ट्वीट कर कहा कि सुरक्षा एजेंसियों और जिला प्रशासन के साथ UHQ बैठक में व्यापक समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया।
After a thorough security review and discussion in today’s UHQ Meeting, I’ve ordered reopening of more tourist spots in Kashmir and Jammu Divisions, which were temporarily closed as precautionary measures.
— Office of LG J&K (@OfficeOfLGJandK) September 26, 2025
जानकारी के लिए बता दें 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की हत्या के बाद इन क्षेत्रों में सुरक्षा कारणों से पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगा दी गई थी। उस समय केंद्र सरकार ने बड़े पैमाने पर ऑपरेशन सिंदूर चलाया था, जिसमें पाकिस्तान और POK में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की गई थी। जून में प्रशासन ने 16 पर्यटन स्थलों को दोबारा खोलने की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन कुछ संवेदनशील स्थानों को अभी भी बंद रखा गया था।
