Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

सट्टा कारोबार : लोगों की जेब से हर रोज निकल रहे 20 से 30 लाख रुपए, सोशल मीडिया पर भी सट्टेबाजों की मौजूदगी

September 29, 2025

सट्टा कारोबार : लोगों की जेब से हर रोज निकल रहे 20 से 30 लाख रुपए, सोशल मीडिया पर भी सट्टेबाजों की मौजूदगी

अबोहर: सट्टा कारोबारियों पर नकेल न कसने के कारण अबोहर में सट्टा कारोबार फल-फूल रहा है। शहर की गरीब बस्तियों में खुलेआम काम चल रहा है। अबोहर में इस वक्त दिल्ली, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गली दिसावर का सट्टा जोरों पर हैं और चारों सट्टे के करिदों ने गली-गली अपना नेटवर्क फैला रखा है, जो हर रोज 20 से 30 लाख रुपए का धंधा हर रोज कर रहे हैं।

जानकारों ने बताया कि अबोहर में पुलिस सट्टे के छोटे-छोटे करिंदों के खिलाफ अपनी कार्रवाई करती रहती है, लेकिन इसका भी अवैध धंधे पर कोई असर नहीं पड़ा। फिर से वही एजेंट अपने आका की सरपरस्ती में काम को अंजाम दे रहे हैं। लेकिन अबोहर में बैठे सट्टा किंग बस कंडक्टर के गिरेबान तक अभी पुलिस नहीं पहुंच पाई है। सट्टे का कारोबार लगातार फलफूल रहा है। इससे गरीब लोगों और छोटे मोटे नौकरीपेशा लोगों पर मोटी मार पड़ रही है। नौकरी से मिलने वाला ज्यादातर पैसा सट्टे में गंवानें के बाद उन्हें कर्ज लेकर घर चलाना पड़ रहा है।

जानकार सूत्रों ने बताया कि चिंतपूर्णी मंदिर वाली गली, नई आबादी, कंधवाला रोड, चंडीगढ मोहल्ला, बस स्टैंड वाली गली के सट्टेबाज बाजार नंबर 12 के कपड़ा शोरूम के मुलाजिमों को जल्द अमीर बनने का लालच देकर सट्टा लगवा रहा है। कई मध्यवर्गीय के लोग इनके ग्राहकों में शुमार हैं। इन ठिकानों में बैठे करिंदों ने अपना अधिकांश काम आनलाइन कर रखा है। यदि पुलिस इनके मोबाइल खंगाल ले तो न केवल लगाईवालों बल्कि खाईवालों तक के नाम सामने आ सकते हैं। सारा सिस्टम आनलाइन आ जाने से व्हट्सएप्प पर ही सट्टे के नंबर नोट किए जा रहे हैं और आनलाइन एप्प के माध्यम से ही सारा लेनदेन हो रहा है और किसी को इसकी कानों कान खबर नहीं हो पाती। न शोर और न किसी तरह की हाय तौबा। स्टोरियों के कारोबार का पता तब चलता है, जब एकाएक पुलिस की छापेमारी होती है।

सोशल मीडिया पर भी सट्टेबाजों की मौजूदगी
जब दुनिया हाईटेक हो रही है तो सट्टेबाज क्यों पीछे रहें। उन्होंने भी लेनदेन आनलाइन करने के अलावा सट्टे की एडवांस जानकारी देने को फेसबुक, यूट्यूब और इंस्टाग्राम पेज पर अगले दिन के सट्टे के नंबर के बारे तक जानकारी सांझा की जा रही है। सट्टा कारोबार से संबंधित कई तरह के एप्प डाउनलोड करने की जानकारी दी जा रही है। वहीं आनलाइन ही नए एजेंट पैदा करने की कंपेनिंग हो रही है।

अबोहर के सट्टेबाजों पर होगी जल्द कार्रवाई : डीएसपी
डीएसपी सुखविंद्र सिंह बराड़ से बात की तो उन्होंने कहा कि सट्टा ही नहीं, हर तरह के अवैध कामों पर नकेल कसने के लिए पुलिस मुस्तैद है और अबोहर के सट्टेबाजों के बारे में जानकारियां जुटा कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। इस बाबत जानकारियां एकत्रित की जा रही है कि कौन-कौन से लोग कहां-कहां बैठकर काम कर रहे हैं ताकि ठोस कार्रवाई की जा सके। लोगों के खून-पसीने की कमाई लूटने की इजाजत दी जाएगी। ऐसे लोगों के खिलाफ नए बीएनएस एक्ट के तहत कार्रवाई होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें