
हरियाणा: कुरुक्षेत्र के चांदपुर बाईपास के पास सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे ने पूरे गुलाब नगर को शोक में डुबो दिया। शुक्रवार तक जिस गली में माता के भजन और जयकारे गूंज रहे थे, वहीं सोमवार को एक साथ छह शव लौटे तो माहौल मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार गुलाब नगर के पंडित पवन कुमार कौशिक (57) अपने परिजनों के साथ कैथल जिले के कलायत के गांव कुराड़ में संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। उनके साले राजेश शर्मा (52) का सोमवार अल सुबह हार्ट अटैक से निधन हो गया था। इसी वजह से वे पत्नी उर्मिला (49), बेटी वंशिका (22), मझले भाई राजेंद्र (53) और छोटे भाई संजय की पत्नी सुमन (40) के साथ वहां जा रहे थे। पड़ोसी प्रवीन (40) अपनी कार चलाकर उन्हें ले जा रहा था।
रास्ते में कुरुक्षेत्र-कैथल मार्ग पर उनकी कार की दूसरी कार से टक्कर हो गई। भीषण टक्कर में पवन, उनकी पत्नी उर्मिला, बेटी वंशिका, भाई राजेंद्र, भाभी सुमन और पड़ोसी प्रवीन की मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गुलाब नगर पहुंचे। एक ही परिवार के पांच लोगों व पड़ोसी का अंतिम संस्कार जम्मू कॉलोनी श्मशान घाट में किया गया।
हादसे के बाद गुलाब नगर के तीनों भाइयों – पवन, राजेंद्र और संजय – व पड़ोसी प्रवीन के घरों में मातम पसरा है। पवन कथा व्यास थे, राजेंद्र साइकिल पर बीड़ी-सिगरेट बेचकर परिवार चलाते थे। पवन के 12 वर्षीय बेटे तनमय की स्कूल परीक्षा थी, इसलिए वह परिवार के साथ नहीं गया था। अब मासूम को उसकी दादी संभाल रही है। परिजनों ने उसे अभी तक हादसे की पूरी जानकारी नहीं दी है।
गांव व शहर के लोग दिनभर दुख व्यक्त करने पहुंचे। लोगों का कहना है कि यह हादसा पूरे इलाके के लिए गहरा सदमा है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...