Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में बवाल: प्रदर्शनकारियों पर चली गोलियां, दर्जनों घायल

September 30, 2025

पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में बवाल: प्रदर्शनकारियों पर चली गोलियां, दर्जनों घायल

मुजफ्फराबाद: पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। स्थानीय लोगों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों ने हिंसक मोड़ ले लिया, जहां पुलिस की गोलीबारी में कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ये घटनाएं मीरपुर, कोटली और मुजफ्फराबाद जैसे प्रमुख शहरों में सामने आई हैं।

जनता का फूटा गुस्सा

यह विरोध संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी के नेतृत्व में हो रहा है, जो लंबे समय से स्थानीय जनता की मूलभूत मांगों को लेकर सरकार से जवाबदेही मांग रही है। महंगाई, बिजली संकट, बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

एक्शन कमेटी के अध्यक्ष शौकत नवाज मीर ने स्थिति को और गंभीर बनाते हुए सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “राज्य की संस्थाएं अब खुद हिंसा पर उतर आई हैं। हमारे पास सबूत हैं कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर जानबूझकर गोलियां चलाई गईं।”

“पाक मीडिया झूठ फैला रहा है”: मीर का सीधा आरोप

शौकत मीर ने पाकिस्तानी मीडिया पर भी हमला बोलते हुए कहा कि देश का मीडिया सच्चाई को छुपा रहा है और झूठी कहानियां गढ़ रहा है। उनका कहना था कि “सरकार समर्थित गुंडों और कुछ आतंकी तत्वों द्वारा प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाया जा रहा है।”

लॉकडाउन में भी राहत नहीं, सड़कें बंद, मरीज बेहाल

स्थिति और भी खराब तब हुई जब प्रशासन ने ‘प्लाक ब्रिज’ को पूरी तरह सील कर दिया, जिससे अंतरराष्ट्रीय इलाज के लिए जा रहे मरीज और अन्य नागरिक बुरी तरह फंस गए। प्रशासन ने पहले घोषणा की थी कि लॉकडाउन के दौरान मरीजों और विदेश यात्रियों के लिए विशेष अनुमति होगी, लेकिन ज़मीनी हालात बिल्कुल अलग दिखाई दिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें