
कलानौर (रोहतक)। तैमूरपुर गांव की एक मां अपने बेटे की सलामती को लेकर बेहद चिंतित है। सरोज पत्नी बक्शी राम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर 29 वर्षीय बेटे संदीप कुमार को सुरक्षित वापस लाने की अपील की है।
सरोज ने बताया कि उनका बेटा 23 सितंबर 2024 को स्टडी वीजा पर रूस पढ़ाई के लिए गया था। लेकिन वहां पहुंचते ही उसे धोखे से युद्ध में झोंक दिया गया। रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच स्थानीय प्रशासन ने झांसा देकर संदीप को सेना में भर्ती कर लिया और उसे मोर्चे पर भेज दिया। इतना ही नहीं, उसका पासपोर्ट, वीजा, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज भी जब्त कर लिए गए।
संदीप ने हालातों की जानकारी परिवार को वीडियो के जरिए दी है। सरोज का कहना है कि उनका बेटा न तो स्थाई नागरिक है और न ही सेना में भर्ती होना चाहता था। उसकी भर्ती पूरी तरह अवैध है। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस के अधिकारियों ने डर और धमकी दिखाकर उसे लड़ाई में शामिल होने के लिए मजबूर किया।
मां सरोज ने प्रधानमंत्री से गुहार लगाई है कि नई दिल्ली स्थित रूसी दूतावास से बात कर उनके बेटे को सुरक्षित भारत लाया जाए। उनका कहना है कि यह अपील सिर्फ बेटे की सुरक्षा और परिवार की मानसिक शांति के लिए है।
परिवार का कहना है कि संदीप के फंसे होने से पूरे घर में तनाव का माहौल है। बुजुर्ग और रिश्तेदार लगातार उसके बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं गांव के लोग भी सरकार से मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द इस युवा को युद्ध से निकालकर घर लाया जाए।