Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाक को दी कड़ी चेतावनी, कहा- इस बार छोड़ेंगे नहीं, नक्शे से मिटा देंगे…

October 3, 2025

आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाक को दी कड़ी चेतावनी, कहा- इस बार छोड़ेंगे नहीं, नक्शे से मिटा देंगे…

नेशनल डेस्क। भारतीय थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के घडसाना इलाके (गांव 22 एमडी) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय सेना और बीएसएफ अधिकारियों से मुलाकात की और आतंकवाद के खिलाफ भारत की तैयारियों की समीक्षा की। सेनाध्यक्ष ने साफ शब्दों में कहा कि अगर पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद नहीं करता तो उसे बहुत बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस बार भारत पहले जैसा संयम नहीं दिखाएगा। अगर पाकिस्तान आतंकवाद फैलाना जारी रखता है तो भारत “ऑपरेशन सिंदूर 2.0” शुरू करने के लिए तैयार है।

 

 

ऑपरेशन सिंदूर 1.0 की याद
जनरल द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर 1.0 में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकाने तबाह किए थे। इस ऑपरेशन में 100 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक और कई आतंकी मारे गए थे। इन कार्रवाइयों के सबूत पूरी दुनिया को दिखाए गए थे। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन हमारी ज़िंदगी से इस तरह जुड़ चुका है कि जब तक हम ज़िंदा रहेंगे इसे याद रखा जाएगा।

ऑपरेशन सिंदूर का नामकरण
सेनाध्यक्ष ने बताया कि इस ऑपरेशन का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखा था। यह ऑपरेशन महिलाओं को समर्पित था। उन्होंने कहा कि भारत की हर महिला जब अपनी मांग में सिंदूर लगाती है, तो वह हमारे जवानों की याद दिलाती है जिन्होंने इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ये भी पढ़ेंः IAF चीफ अमर प्रीत सिंह का ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बड़ा दावा, कहा- PAK के पांच एफ-16 और जेफ-17 लड़ाकू…

ऑपरेशन सिंदूर 2.0 – अबकी बार संयम नहीं
सेनाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अगले चरण में भारत उतना संयम नहीं दिखाएगा जितना पहले ऑपरेशन में दिखाया था। भारत की कार्रवाई इतनी कड़ी होगी कि पाकिस्तान को सोचना पड़ेगा कि उसे इतिहास और भूगोल में रहना है या मिट जाना है।

 

आतंकी हमले के बाद दुनिया भारत के साथ
उन्होंने बताया कि जब पहलगाम आतंकी हमला हुआ था, तब भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। उस वक्त पूरी दुनिया भारत के साथ खड़ी हो गई थी और पाकिस्तान की आलोचना की गई थी। इस ऑपरेशन में भारत ने 7 ठिकाने सेना से और 2 ठिकाने वायुसेना से नष्ट किए थे। भारत ने यह भी ध्यान रखा कि कोई निर्दोष व्यक्ति या गैर-लड़ाकू टारगेट न मारा जाए। सिर्फ आतंकी ठिकानों, उनके प्रशिक्षण केंद्रों और सरगनाओं को ही निशाना बनाया गया।

 

पाकिस्तान को सबूत दिखाए गए
सेनाध्यक्ष ने कहा कि भारत ने हर कार्रवाई का सबूत दुनिया के सामने रखा। अगर भारत सबूत न दिखाता तो पाकिस्तान इन सच्चाइयों को छुपा लेता। इस बार भारत पूरी तैयारी के साथ है और पाकिस्तान को दो टूक संदेश दे दिया गया है।

 

सेना के वीर अधिकारियों का हुआ सम्मान
इस मौके पर ऑपरेशन सिंदूर 1.0 में बेहतरीन काम करने वाले 3 सैनिकों को सम्मानित किया गया। जिसमें  बीएसएफ की 140वीं बटालियन के कमांडेंट प्रभाकर सिंह, राजपुताना राइफल्स के मेजर रितेश कुमार व  हवलदार मोहित गैरा शामिल रहे।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें