Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

“चीन ने डब्ल्यूटीओ में अमेरिका के ‘एकतरफा टैरिफ’ की आलोचना की

October 5, 2025

“चीन ने डब्ल्यूटीओ में अमेरिका के ‘एकतरफा टैरिफ’ की आलोचना की

इंटरनेशनल डेस्क: विश्व व्यापार संगठन ने 3 अक्टूबर को स्विट्जरलैंड के जिनेवा में अपनी सेवा व्यापार परिषद की तीसरी वार्षिक बैठक आयोजित की। चीन ने सक्रिय रूप से एजेंडा प्रस्तुत करते हुए, अमेरिका के “पारस्परिक टैरिफ” के एकतरफा और संरक्षणवाद की आलोचना की। यह भी बताया गया कि अमेरिकी प्रतिबंधों से वैश्विक सेवा व्यापार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। चीन ने अमेरिका से डब्ल्यूटीओ नियमों का पालन करने और सभी देशों के साथ मिलकर वैश्विक सेवा व्यापार के स्वस्थ और स्थिर विकास को बढ़ावा देने की मांग की।

“सेवाओं में वैश्विक व्यापार को मज़बूत और स्थिर बनाने के लिए विश्व व्यापार संगठन के सदस्यों की साझा ज़िम्मेदारी” पर अपने स्थिति पत्र में, चीन ने कहा कि सेवा व्यापार वैश्विक व्यापार वृद्धि का एक प्रमुख इंजन बन रहा है, जिससे विकासशील देशों को वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में जुड़ने के अधिक अवसर मिल रहे हैं। अमेरिका के “पारस्परिक टैरिफ” उपायों ने वैश्विक व्यापार में उथल-पुथल मचा दी है, और इसका नकारात्मक प्रभाव अब सेवा व्यापार के क्षेत्र तक भी फैल चुका है।

चीन ने जोर देकर कहा कि अमेरिका सेवा व्यापार के मामले में दुनिया का सबसे बड़ा निर्यातक और आयातक देश है और लंबे समय से वैश्विक स्तर पर सबसे अधिक सेवा व्यापार अधिशेष (सरप्लस) वाला देश रहा है। लेकिन अमेरिका जानबूझकर एकतरफ़ा और भ्रामक बयानबाजी करता है – वह सिर्फ़ माल व्यापार (गुड्स ट्रेड) में “नुकसान” की बात करता है, जबकि सेवा व्यापार से होने वाले “फ़ायदे” को नज़रअंदाज़ कर देता है।यह एक विशिष्ट “दोहरा मापदंड” दृष्टिकोण है। आज अमेरिका की एकतरफ़ा कार्रवाइयाँ वैश्विक व्यापार जगत के विश्वास को कमजोर कर रही हैं, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) को अस्त-व्यस्त कर रही हैं, और डब्ल्यूटीओ सदस्य देशों के वैध हितों तथा बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली की नींव को गंभीर नुकसान पहुँचा रही हैं। सभी देशों को इस पर सतर्क रहना चाहिए।

चीन ने अमेरिका से विश्व व्यापार संगठन के नियमों का ईमानदारी से पालन करने, सभी पक्षों के साथ संवाद और सहयोग बढ़ाने तथा वैश्विक सेवा व्यापार की समृद्धि और स्थिरता को संयुक्त रूप से बनाए रखने का आग्रह किया है।चीन सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर सेवा व्यापार क्षेत्र में खुलेपन के स्तर को लगातार गहरा करने और वैश्विक सेवा व्यापार के स्वस्थ व स्थिर विकास के लिए अधिक योगदान देने को तैयार है।

भारत, ब्राजील, मिस्र और पाकिस्तान सहित कई सदस्य देशों ने चीन के बयान का सक्रिय समर्थन किया।उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली ने वैश्विक व्यापार के संचालन के लिए महत्वपूर्ण नियमों का आधार प्रदान किया है। एक खुला, समावेशी, स्थिर और गैर-भेदभावपूर्ण बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था सभी देशों के सतत विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सेवा क्षेत्र वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और वैश्विक व्यापार का भविष्य है। सभी देशों को आपसी सहमति और सहयोग की भावना से काम करते हुए, वैश्विक व्यापार के स्वस्थ और स्थिर विकास को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर प्रयास करना चाहिए।

ये भी पढ़ें: LIVE: ਪੰਜਾਬ ਵਿਧਾਨ ਸਭਾ ਵਿੱਚ ਪ੍ਰਸ਼ਨਕਾਲ ਨਾਲ ਸ਼ੁਰੂਆਤ — ਮਹੱਤਵਪੂਰਨ ਮੁੱਦਿਆਂ ‘ਤੇ ਗਰਮਾਹਟ

(साभार – चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें