Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

माता वैष्णो देवी यात्रा तीन दिन के लिए स्थगित, कटड़ा में फंसे हजारों श्रद्धालु

October 6, 2025

माता वैष्णो देवी यात्रा तीन दिन के लिए स्थगित, कटड़ा में फंसे हजारों श्रद्धालु

कटड़ा: भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी के चलते श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने 5 से 7 अक्टूबर तक यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे यात्रा मार्ग, भवन, अर्द्धकुंवारी मंदिर और दर्शनी ड्योढ़ी जैसे प्रमुख स्थलों पर सन्नाटा पसरा रहा।

श्रद्धालुओं की संख्या 4000 के पार

कटड़ा में इस समय देशभर से आए लगभग 3000 से 4000 श्रद्धालु फंसे हुए हैं, जो यात्रा बहाल होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। शनिवार की रात, श्राइन बोर्ड ने मौसम की स्थिति को देखते हुए तय समय से दो घंटे पहले, रात आठ बजे ही पंजीकरण केंद्र बंद कर दिए। आमतौर पर ये केंद्र रात 10 बजे तक खुले रहते हैं।

इस अचानक फैसले से वे श्रद्धालु सबसे ज्यादा प्रभावित हुए जो रात्रिकालीन यात्रा की योजना बना चुके थे। कई लोग दर्शनी ड्योढ़ी तक पहुंच चुके थे और भवन की ओर जाने की अनुमति मांगते रहे, लेकिन बोर्ड की ओर से कोई राहत नहीं दी गई। मजबूरन श्रद्धालुओं को वापस कटड़ा लौटना पड़ा।

रविवार को बदला मौसम का मिज़ाज

शनिवार देर रात से मौसम ने करवट लेना शुरू किया और रविवार सुबह तक रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हुआ और धूप खिली। ठंडी हवाओं के बीच मौसम सुहावना हो गया, जिससे श्रद्धालुओं को उम्मीद जगी कि शायद यात्रा फिर से शुरू कर दी जाए।

कटड़ा में ठहरे श्रद्धालु लगातार श्राइन बोर्ड से गुहार लगा रहे हैं कि चूंकि अब मौसम अनुकूल है, उन्हें माता के दरबार तक जाने की इजाजत दी जाए। फिलहाल बोर्ड की ओर से अगला निर्णय मौसम की स्थिति का आंकलन करने के बाद ही लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: साइक्लोन “शक्ति” का कहर, अरब सागर से दिल्ली तक मौसम ने बदला रंग, कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी

जानें क्या कहता है श्राइन बोर्ड?

श्राइन बोर्ड की ओर से स्पष्ट किया गया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। मौसम विभाग के अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई है और हालात सामान्य होते ही इसे दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। संभावना है कि 8 अक्टूबर से यात्रा पुनः शुरू हो सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें