ICC Women’s World Cup 2025: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में जबरदस्त शुरुआत करते हुए श्रीलंका और पाकिस्तान को मात दी है। इन शुरुआती दो जीतों ने न केवल टीम के आत्मविश्वास को बढ़ाया है, बल्कि सेमीफाइनल की दौड़ में भी भारत की स्थिति मजबूत की है। इस बार का वर्ल्ड कप खास इसलिए भी है क्योंकि भारतीय टीम ने युवा प्रतिभाओं और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन मैदान में उतारा है।
कई ऐसे चेहरे हैं जो पहली बार वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, और उन्होंने अपने प्रदर्शन से क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया है। आइए जानते हैं कौन हैं ये खिलाड़ी और कैसा रहा उनका अब तक का सफर…
प्रतिका रावल

प्रतिका रावल ने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर खुद को वर्ल्ड कप टीम में शामिल करवाया। वर्ल्ड कप के पहले दो मुकाबलों में उन्होंने 31 और 37 रन की अहम पारियां खेलकर टीम को ठोस शुरुआत दिलाई। उनकी तकनीक और संयमित बल्लेबाजी उन्हें भविष्य की भरोसेमंद ओपनर के रूप में स्थापित कर रही है।
हरलीन देओल

हरलीन देओल ने वर्ल्ड कप डेब्यू पर खुद को साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने कुल 94 रन बनाए हैं और फिलहाल टूर्नामेंट की चौथी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। उनका 48 रन का सर्वोच्च स्कोर टीम की जीत में निर्णायक रहा है।
एन. श्री चरणी

21 वर्षीय लेफ्ट-आर्म स्पिनर एन. श्री चरणी ने अपने पहले ही वर्ल्ड कप मैच में प्रभाव छोड़ा। श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 24 रन देकर दो विकेट चटकाए। उनकी गेंदबाजी में विविधता और नियंत्रण भारत के स्पिन अटैक को मजबूती देते हैं।
राधा यादव

T20 क्रिकेट में जमीनी पकड़ बना चुकी राधा यादव को वनडे वर्ल्ड कप में पहली बार जगह मिली है। अब तक उन्होंने 11 वनडे खेले हैं, लेकिन वर्ल्ड कप में डेब्यू का इंतज़ार है। 9 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले में उनके खेलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अमनजोत कौर

श्रीलंका के खिलाफ वर्ल्ड कप डेब्यू करते हुए अमनजोत कौर ने 57 रनों की पारी खेलकर अपने इरादे साफ कर दिए। साथ ही गेंदबाजी में भी उन्होंने विकेट चटकाया। उनकी हरफनमौला क्षमताएं भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं।
अरुंधति रेड्डी

अनुभवी तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी को अभी वर्ल्ड कप में खेलने का मौका नहीं मिला है, लेकिन टीम में उनकी मौजूदगी बेंच स्ट्रेंथ को मजबूत करती है। आने वाले मैचों में उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है।
क्रांति गौड़

क्रांति गौड़ ने वर्ल्ड कप में आगाज करते ही धमाल मचा दिया है। पाकिस्तान के खिलाफ 3 विकेट झटककर वह ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनीं और अब तक टूर्नामेंट में 4 विकेट ले चुकी हैं। उनकी तेज गेंदबाजी ने भारत को एक नई धार दी है।