Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

सुंदर चीन के निर्माण में चीनी महिलाओं की उल्लेखनीय भूमिका

October 7, 2025

सुंदर चीन के निर्माण में चीनी महिलाओं की उल्लेखनीय भूमिका

उत्तर-पश्चिमी सीमा से लेकर दक्षिण-पूर्वी तट तक, पहाड़ों की गहराइयों से लेकर नदियों के किनारों तक, लाखों चीनी महिलाएँ एक सुंदर चीन के निर्माण में अपने प्रयास समर्पित कर रही हैं और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभा रही हैं। अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और बुद्धिमत्ता से उन्होंने ग्रामीण पुनरोद्धार, पारिस्थितिकी संरक्षण, रेत नियंत्रण, वनीकरण और स्वयंसेवी सेवाओं के क्षेत्रों में संघर्ष और उपलब्धियों के प्रेरणादायक अध्याय लिखे हैं।

शिनच्यांग उइगुर स्वायत्त प्रदेश के अल्ताय क्षेत्र की छ्वू वेनवेन जंगली ऊदबिलावों की रक्षा के लिए प्रसिद्ध हैं। साल 2019 में उन्होंने ऊदबिलावों के लिए झाड़ीदार विलो के पौधारोपण की जनकल्याण परियोजना आरंभ की, जिसके तहत 4 लाख से अधिक पौधे लगाए गए। इसके परिणामस्वरूप राष्ट्रीय स्तर पर संरक्षित प्रथम श्रेणी के मेंगशिन ऊदबिलावों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

म्यू उस रेगिस्तान में यिन युझेन का रेगिस्तान नियंत्रण अभियान 40 वर्षों से चल रहा है। 1980 के दशक में विवाह के बाद उन्होंने केवल पीली रेत का समुद्र देखा था, लेकिन 1986 में पहला पौधा लगाने के संकल्प ने नए अध्याय की शुरुआत की। आज 4,666 हेक्टेयर से अधिक बंजर भूमि हरियाली से आच्छादित है। यहाँ पुनः प्राप्त ज़मीन पर बाजरे की खेती की जाती है, जिसकी सुनहरी बालें “रेगिस्तान का सोना” बन चुकी हैं। पर्यावरण सुधार के साथ अब म्यू उस रेगिस्तान में पौधों की 300 से अधिक प्रजातियाँ पाई जाती हैं और जंगली जीव भी अधिक दिखने लगे हैं।

मरुस्थलीकरण नियंत्रण से ग्रामीण निर्माण तक, पारिस्थितिक पुनर्स्थापन से हरित विकास तक, महिला शक्ति का प्रभाव चीन की पारिस्थितिक सभ्यता के हर क्षेत्र में देखने को मिलता है। युन्नान प्रांत के तूलोंगच्यांग टाउनशिप के तिजेंगतांग गांव की पारिस्थितिक वन रेंजर ली युहुआ अपने टाउनशिप के 300 से अधिक वन रेंजरों के साथ मिलकर जंगल की सुरक्षा में निरंतर संलग्न हैं।

हूपेई प्रांत के शियान शहर स्थित दानजियांगकोऊ जलाशय क्षेत्र की युआन हुई “लिटिल वाटर ड्रॉप” पर्यावरण कार्यक्रम की सक्रिय स्वयंसेवक हैं। वह वर्ष भर नदी के तैरते मलबे और किनारों की सफाई, जलमार्ग की गश्त, पेड़ लगाना और स्थानीय लोगों को जीवनशैली व उत्पादन में पर्यावरण-अनुकूल बदलाव हेतु मार्गदर्शन करने में योगदान देती हैं।

अपने मौन समर्पण, अथक परिश्रम और दृढ़ संकल्प से अनगिनत महिलाओं ने मनुष्य और प्रकृति के सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व को साकार किया है और एक सुंदर चीन के निर्माण में चमकदार रंग भरे हैं।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें