Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Weather Update : कई राज्यों में ठंड ने दी दस्तक! इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; जानें मौसम का हाल

October 9, 2025

Weather Update : कई राज्यों में ठंड ने दी दस्तक! इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; जानें मौसम का हाल

Today Weather Update : अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। बता दें कि पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश के चलते ठंड ने दस्तक दे दी है। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। रात के समय लोग अब पंखे और एसी बंद कर हल्के कंबल का सहारा लेने लगे हैं।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा। दक्षिणी और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले तीन से चार दिनों तक लगातार वर्षा की संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 9 से 12 अक्टूबर के बीच तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल और माहे में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। वहीं, ओडिशा में 9 से 11 अक्टूबर तक बारिश जारी रह सकती है।

ये भी पढ़े : हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 09 अक्टूबर 2025

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी मानसूनी गतिविधियां फिर सक्रिय हो गई हैं। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 से 10 अक्टूबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। 10 अक्टूबर को अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में अब रहेगा शुष्क मौसम
वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अब बारिश से राहत मिलेगी। राजस्थान में आज से मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। दिन में धूप खिली रहेगी, हालांकि रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में सर्दी अक्टूबर के आखिरी सप्ताह या नवंबर की शुरुआत तक पूरी तरह से दस्तक देगी।

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से गिरे तापमान
उधर, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी ने सर्दी बढ़ा दी है। हिमाचल के कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति जिलों में भारी बर्फबारी हुई है। गोंधला में 30 सेंटीमीटर, केलांग में 15 सेंटीमीटर, हंसा में 5 सेंटीमीटर और कुकुमसेरी में 3.2 सेंटीमीटर तक बर्फ जमी है। बर्फबारी के कारण मनाली-लेह मार्ग अवरुद्ध हो गया है और प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही दारचा में रोक दी है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है, जबकि अधिकतम तापमान में भी सात से 14 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। शीतलहर के चलते लोगों ने अब गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं।

ये भी पढ़े : कांग्रेस को देश को बताना चाहिए कि 26/11 हमले के बाद जवाबी सैन्य कार्रवाई से किसने रोका था : PM Modi

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें