Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

बॉडीबिल्डर Varinder Ghuman का पंजाब से बॉलीवुड तक का सफर, इस गाने से की थी करियर की शुरुआत

October 10, 2025

बॉडीबिल्डर Varinder Ghuman का पंजाब से बॉलीवुड तक का सफर, इस गाने से की थी करियर की शुरुआत

Varinder Singh Ghuman : पंजाब से इस समय एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दुनियाभर में मशहूर बॉडीबिल्डर और अभिनेता वरिंदर सिंह घुम्मन का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक, वह इलाज के लिए अमृतसर गए थे, जहां अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई। उनके निधन से बॉडीबिल्डिंग और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

बता दें कि वरिंदर सिंह घुम्मन अपने शाकाहारी बॉडीबिल्डिंग स्टाइल के लिए जाने जाते थे। वह दुनिया के उन कुछ बॉडीबिल्डरों में शामिल थे जिन्होंने पूरी तरह शाकाहारी डाइट अपनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। उन्हें “मैन ऑफ इंडिया” के नाम से भी जाना जाता था।

‘मिस्टर इंडिया’ का जीता था खिताब

वरिंदर सिंह घुम्मन का जन्म गुरदासपुर, पंजाब में हुआ था। उनकी लंबाई 6 फीट 2 इंच और वजन करीब 130 किलोग्राम था। उन्होंने साल 2009 में ‘मिस्टर इंडिया’ का खिताब जीता था और ‘मिस्टर एशिया’ प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेकर देश का नाम रोशन किया।

पंजाब से बॉलीवुड तक का सफर

दरअसल वरिंदर सिंह घुम्मन ने अपने करियर की शुरुआत पंजाबी सिंगर जैली के गाने “Doleyan Ch Jaan” के म्यूज़िक वीडियो से की थी। इस गाने के बाद उनकी पहचान बढ़ी और वह फिल्मी दुनिया में कदम रख पाए। वहीं उन्होंने 2012 में पंजाबी फिल्म “कबड्डी: वन्स अगेन” में मुख्य भूमिका निभाई। इसके बाद हिंदी फिल्मों में भी उन्होंने शानदार काम किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘रोअर: टाइगर्स ऑफ द सुंदरबन्स’ (2014), ‘मरजावां’ (2019) और ‘टाइगर 3’ (2023) शामिल हैं, जिसमें वह सुपरस्टार सलमान खान के साथ नजर आए थे।

फिल्मों और बॉडीबिल्डिंग के अलावा राजनीति में कदम…

वहीं फिल्मों और बॉडीबिल्डिंग के अलावा, घुम्मन ने राजनीति में आने की भी घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि वह 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भाग लेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि वह वे किसी पार्टी से संपर्क नहीं करेंगे और उस पार्टी का समर्थन करेंगे जिसकी विचारधारा उनके अनुकूल होगी।

प्रेरणा बन गया जीवन

बता दें कि वरिंदर सिंह घुम्मन का जीवन कई युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। दरअसल उन्होंने यह साबित किया कि बिना मांसाहार के भी एक व्यक्ति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिटनेस और बॉडीबिल्डिंग में सफलता पा सकता है। वह एशिया में एक प्रसिद्ध हॉलीवुड एक्शन हीरो के स्वास्थ्य उत्पादों के ब्रांड एंबेसडर भी रह चुके थे। उनके निधन से न केवल बॉडीबिल्डिंग जगत, बल्कि पंजाबी और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में भी शोक की लहर है। पंजाब के इस बेटे की अधूरी कहानी आज भी लोगों के दिलों में जिंदा रहेगी जिसने “Doleyan Ch Jaan” से शुरुआत की और “टाइगर 3” तक अपनी पहचान बनाई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें