Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 युवकों को चिट्टा और चरस के साथ किया गिरफ्तार

October 11, 2025

हिमाचल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 युवकों को चिट्टा और चरस के साथ किया गिरफ्तार

हिमाचल डेस्क : मंडी जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। आपको बता दें कि दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 2 युवकों को चिट्टा और चरस की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बता दें कि पहली कार्रवाई सुंदरनगर में हुई। सुंदरनगर थाना पुलिस की टीम बीएसएल जलाशय के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान हाथ में बैग लिए पैदल जा रहे एक युवक ने पुलिस को देखकर घबराहट में पलटने की कोशिश की। पुलिस ने संदेह होने पर उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके बैग से 6.5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईशान कश्यप (29) निवासी हंडेटी, सुंदरनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़े : दिवाली-छठ पर चाहिए कन्फर्म ट्रेन टिकट! अपनाएं ये जुगाड़

1 युवक 97 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई सरकाघाट उपमंडल में हुई। हटली पुलिस ने मंडी-नेरचौक सुपर हाईवे पर ढलवान के पास नाकेबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रोका। बाइक सवार युवक ने पुलिस को देखकर अपनी रफ्तार तेज कर दी, जिससे पुलिस को शक हुआ। तलाशी के दौरान उसके बैग से 97 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान लखवीर सिंह (30) पुत्र धर्म सिंह, गांव मैरा, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वह यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाया और इस गिरोह में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।

पुलिस ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे नशा तस्करी की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें