Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

सिद्धपीठ हथियाराम मठ में बोले सीएम योगी, कहा- गाजीपुर वीरों की भूमि है, यहां के लोग देश के लिए बलिदान…

October 11, 2025

सिद्धपीठ हथियाराम मठ में बोले सीएम योगी, कहा- गाजीपुर वीरों की भूमि है, यहां के लोग देश के लिए बलिदान…

गाजीपुर डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर गाजीपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने धार्मिक, सामाजिक और राष्ट्र सेवा से जुड़े कई कार्यक्रमों में भाग लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी का हेलीकॉप्टर दोपहर 12:55 बजे सिद्धपीठ हथियाराम मठ के हेलीपैड पर उतरा। उनके पहुंचते ही पूरा मठ परिसर “जय मां बुढ़िया माई” और “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा।

योगी आदित्यनाथ ने परंपरा के अनुसार बुढ़िया माई धाम में पूजन-अर्चन किया और प्रदेश की शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने मठ के महंतों और साधु-संतों से मुलाकात की और धार्मिक व सामाजिक विषयों पर विस्तार से बातचीत की। सीएम ने कहा “हथियाराम मठ सिर्फ आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि यह जनसेवा और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देने वाला स्थान है। मठ समाज को एकजुट रखने और सही दिशा दिखाने में अहम भूमिका निभाते हैं।”

सीएम योगी ने कैलाश भवन में विधिवत पूजा की
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले दुर्गा माता के बुढ़िया माई धाम और कैलाश भवन में विधिवत पूजा की। इसके बाद उन्होंने प्रबुद्ध संवाद संगम कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने महामंडलेश्वर भवानी नंदन यति के गुरु बालकृष्ण यति के चित्र पर दीप जलाकर की। मठ प्रबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया। इस मौके पर भारी संख्या में लोग मौजूद थे।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
सीएम योगी के दौरे को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी की थी। मठ परिसर, हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल पर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई। डीएम अविनाश कुमार और एसपी डॉ. ईरज राजा खुद मौके पर मौजूद रहे। साथ ही एंटी-सबोटाज टीम और बम डिस्पोजल स्क्वॉड भी अलर्ट पर रहे।

CM ने शहीद परिवारों के सदस्यों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने गाजीपुर की वीरता की परंपरा को याद करते हुए शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों में शामिल रहे। परमवीर चक्र विजेता शहीद अब्दुल हमीद के बेटे जैनुल हमीद, महावीर चक्र विजेता शहीद राम उग्र पांडेय की पुत्री सुनीता पांडे व प्रांत प्रचारक श्रीराम सिंह की माता रुक्मिणी देवी को मुख्यमंत्री ने अंगवस्त्र और मोमेंटो प्रदान किया।

योगी ने कहा  “गाजीपुर वीरों की भूमि है। यहां के लोग देश के लिए बलिदान की भावना रखते हैं। राज्य सरकार धर्म, विकास और सुरक्षा को एक साथ लेकर चल रही है।”

भुड़कुड़ा में महंत रामाश्रय दास के प्रतिमा का किया अनावरण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 1:45 बजे हेलीकॉप्टर से भुड़कुड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने श्री महंत रामाश्रय दास पीजी कॉलेज में महंत रामाश्रय दास की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद वे भुड़कुड़ा मठ में गए, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन किया और स्थानीय साधु-संतों व प्रबुद्धजनों से संवाद किया। इस दौरान सीएम ने कहा “महंत रामाश्रय दास जैसे संत समाज के पथप्रदर्शक हैं। उन्होंने अपना जीवन धर्म और समाज सेवा के लिए समर्पित किया।”

 

मुख्यमंत्री ढाई घंटे तक रहे गाजीपुर में… 

-सीएम योगी का एक दिवसीय दौरा गाजीपुर में रहा।

-हथियाराम मठ और बुढ़िया माई धाम में पूजा-अर्चना की।

-शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया।

-भुड़कुड़ा में महंत रामाश्रय दास की प्रतिमा का अनावरण किया।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें