Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार में NDA के बीच सीट बंटवारे का ऐलान, बीजेपी-जेडीयू 101-101 सीटों पर लड़ेगी चुनाव… जानें इन पार्टियों को कितनी मिली सीट

October 12, 2025

बिहार में NDA के बीच सीट बंटवारे का ऐलान, बीजेपी-जेडीयू 101-101 सीटों पर लड़ेगी चुनाव… जानें इन पार्टियों को कितनी मिली सीट

Bihar NDA Seat Sharing: बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर NDA के बीच सीट बंटवारे का ऐलान हो गया है। नई दिल्ली में चली मैराथन मीटिंग के बाद तस्वीर साफ हो गई कि गठबंधन में कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इस चुनाव में जदयू और भाजपा में से कोई बड़ा भाई नहीं होगा, बल्कि दोनों पार्टियां 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। दिल्ली और पटना में सीट बंटवारे को लेकर कई बैठकों का दौर चला, इसके बाद सीट शेयरिंग पर मुहर लगी।

एनडीए सीट शेयरिंग के अनुसार, भाजपा और जदयू 101-101 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी, जबकि सहयोगी दल लोजपा (रामविलास) को 29 सीटें और आरएलएम एवं हम को 6-6 सीटें मिली हैं।

भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इसकी घोषणा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “एनडीए के साथियों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में सीटों का वितरण पूर्ण किया है। जदयू 101, भाजपा 101, लोजपा (रामविलास) 29, राष्ट्रीय लोक मोर्चा छह और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा छह।”

 

उन्होंने आगे लिखा, “एनडीए के सभी दलों के नेता और कार्यकर्ता साथी इसका हर्ष के साथ स्वागत करते हैं और नीतीश कुमार को प्रचंड बहुमत के साथ फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए संकल्पित एवं एकजुट हैं। बिहार है तैयार, फिर से एनडीए सरकार।” जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने भी सोशल नेटवर्किंग साइट ‘एक्स’ पर इस जानकारी को शेयर किया है।

 

6 और 11 नवंबर को होगा मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) के नेतृत्व वाले एनडीए और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन के बीच माना जा रहा है।

महागठबंधन एनडीए का नेतृत्व कर रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सत्ता से बेदखल करने की कोशिश कर रहा है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा, लोजपा (रामविलास) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा एनडीए में शामिल हैं। हालांकि, बिहार की चुनावी जंग में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी राज्य की सभी 243 सीटों पर दावा ठोक दिया है।

बिहार की कुल 243 सीटों पर दो चरणों में मतदान कराया जाएगा
बिहार की कुल 243 सीटों पर दो चरणों में चुनाव होगा। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होगी। इस दिन 121 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वहीं, दूसरे फेज का चुनाव 11 नवंबर को होगा। इस दिन 122 सीटों पर वोटिंग। नतीजों की घोषणा 14 नवंबर को होगी। इस बार के चुनाव में 7 करोड़ 42 लाख वोटर हैं। इनमें 3 करोड़ 92 लाख पुरुष जबकि 3 करोड़ 49 लाख महिला वोटर्स हैं।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें